पहलवानों के समर्थन में खाप प्रधान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा ज्ञापन

- 21 तक बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग
- नहीं तो ‘दिल्ली कूच’ करने की चेतावनी
- खाप प्रधान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा ज्ञापन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी के जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रही महिला पहलवानों के समर्थन में पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेन्द्र सोलंकी ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने राष्ट्रपति से अपील की कि वो प्रदर्शन कर रही बच्चियों को न्याय दिलाने के लिए हस्तक्षेप करें। उन्होंने कहा कि पिछले 24 दिनों से देश के पहलवान न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
सुरेन्द्र सोलंकी ने कहा कि इंसाफ की मांग कर रही बच्चियों को हमारा पूरा साथ है। उन्होंने कहा कि 21 मई तक बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई तो फिर हमारी दिल्ली कूच की योजना तैयार है। उन्होंने कहा कि 21 तारीख को दिल्ली में सर्व खाप पंचायत की बैठक होगी। इस बैठक में सभी किसान संगठनों, सामाजिक संगठनों और खाप पंचायतों की सहभागिता होगी। बैठक में दिल्ली कूच पर अंतिम फैसला होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक पहलवान अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, तब यह शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।
Created On :   16 May 2023 6:48 PM IST