New Delhi News: आईजीएनसीए की ओर से राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिवसीय अयोध्या पर्व का आयोजन

आईजीएनसीए की ओर से राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिवसीय अयोध्या पर्व का आयोजन
  • आईजीएनसीए द्वारा 11 से 13 अप्रैल तक होगा आयोजन
  • तीन दिवसीय अयोध्या पर्व का आयोजन

New Delhi News. भारतीय संस्कृति, कला और आस्था के केन्द्र अयोध्या की गौरवगाथा को समर्पित और देश के महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक उत्सवों में से एक ‘अयोध्या पर्व 2025’ का आयोजन 11 से 13 अप्रैल तक राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) में होने जा रहा है। यह तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव श्रद्धा, शास्त्रीयता और संवाद का संगम होगा, जिसमें देशभर के साधु-संत, सांस्कृतिक मनीषी, राजनेता, विद्वान, और कलाकार एक साथ जुटेंगे।

अयोध्या पर्व का शुभारम्भ 11 अप्रैल को एक प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ होगा। इस अवसर पर ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ पर आधारित प्रख्यात चित्रकार पद्मश्री वासुदेव कामत की चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही, वाल्मीकि रामायण पर आधारित पहाड़ी लघु चित्रों की प्रदर्शनी ‘सुंदरकांड’ तथा ‘बड़ी है अयोध्या’ शीर्षक से चौरासी कोसी अयोध्या की तीर्थ-परंपरा पर केंद्रित चित्रावली भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केन्द्र होंगी।

इस दौरान मणिराम दास छावनी के महंत श्री कमल नयन दास, गीता मनीषी महामंडलेश्वर पूज्य ज्ञानानंद जी महाराज, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, आईजीएनसीए के अध्यक्ष राम बहादुर राय और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय उपस्थित रहेंगे। पर्व के दूसरे दिन, 12 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे ‘भारतीय समाज में मंदिर प्रबंधन’ विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें अयोध्या के प्रमुख संत-महंतों के साथ प्रशासनिक और सांस्कृतिक विशेषज्ञों का संवाद होगा। 13 अप्रैल को पर्व का अंतिम दिन भी ज्ञान और कला से परिपूर्ण रहेगा।

Created On :   10 April 2025 7:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story