मौसम: नागपुर में कभी तेज धूप को कभी बारिश, आंधी-तूफान से कार पर गिरा पेड़, 3 घायल

नागपुर में कभी तेज धूप को कभी बारिश, आंधी-तूफान से कार पर गिरा पेड़, 3 घायल
  • अचानक बिगड़ा मौसम, होने लगी बारिश
  • लू के मरीज भी अस्पताल पहुंचे
  • अलग-अलग दिशा से आ रही हवा से बदल रहा मौसम का मिजाज

डिजिटल डेस्क, नागपुर । इन दिनों नागपुर का मौसम भी अजीबोगरीब होने लगा है। कभी तेज धूप हलाकान करती है तो कभी बूंदाबांदी हो जाती है। मंगलवार को दिन भर धूप-छांव के बीच बूंदाबांदी भी हुई। एक पल गर्मी, तो दूसरे पल राहत। तेज धूप से जहां पसीना निकल रहा था, वहीं बादल छाते ही ठंडी हवा के झोंके राहत दे रहे थे। मध्य भारत में अलग-अलग दिशा से आ रही हवा के कारण मौसम का यह मिजाज बना हुआ है। मंगलवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से मौसम खुलेगा आैर तापमान में वृद्धि हो सकती है। गर्मी भी सताने लगेगी।

पूर्व विदर्भ में उष्माघात के 13 मरीज : नागपुर समेत पूर्व विदर्भ में उष्माघात के 13 मरीज दर्ज किए गए हैं। सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में 1 मार्च से 15 अप्रैल 2024 तक उष्माघात के कुल 82 मरीज दर्ज किये गए हैं। इनमें से 13 मरीज पूर्व विदर्भ के छह जिलों के हैं। सर्वाधिक मरीज वर्धा जिले के दर्ज हुए हैं। गड़चिरोली जिले में उष्माघात का कोई मरीज दर्ज नहीं हो पाया है। उष्माघात के चलते किसी की मृत्यु दर्ज नहीं है। नागपुर समेत विदर्भ का तापमान बढ़ने की संभावना विशेषज्ञों ने व्यक्त की है। शहर के सरकारी अस्पताल मेयो व मेडिकल में उष्माघात के मरीजों के लिए अलग से 10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। हालांकि जिले में होनेवाली बेमौसम बारिश व वातावरण के बदलाव के चलते गर्मी का अहसास कम हो रहा है। बावजूद जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन व सरकारी अस्पतालों को हीट एक्शन प्लान के अनुसार अलर्ट मोड पर रहने की सूचना दी है।

कार पर गिरा पेड़, 3 सवार बेहोश : गुमगांव - किरमिटी मार्ग में कार पर पेड़ गिरने से तीन लोग जख्मी हो गए। कार का भारी नुकसान हाे गया। घटना 16 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे के दरमियान हुई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, झिंगाबाई टाकली परिसर के निवासी वसीम असद खान (35), असलम खान ( 40) व जितेंद्र घटना के समय स्कोडा कार (क्र एम एच 04 सी जे - 5318) से किरमिटी में नया ले-आउट देखने गए थे। वहां से वापस लौटते समय जोरदार बारिश होने लगी। गुमगांव मार्ग पर पूर्व सरपंच विजय नंदनवार के खेत के पास सड़क पर चलती कार पर पेड़ गिर पड़ा। कार में सवार उक्त तीनों लोग उसके अंदर फंस गए। आस- पास के किसान व अन्य लोग मदद के लिए दौड़कर आए। हिंगना थाने के नायब सिपाही चेतन बुधबावरे, सिपाही हेमंत उजवणे मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से पेड़ का हटाया गया लेकिन कार पूरी तरह टूट गई। कार में सवार उक्त तीनों लोग बेहोश हो गए थे। तीनों घायलों को नागरिकों की मदद से अस्पताल भेजा गया।


Created On :   17 April 2024 6:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story