Nagpur News: अवैध संबंध में सत्तूर से प्रेमिका के पति को मौत के घाट उतारा

अवैध संबंध में सत्तूर से प्रेमिका के पति को मौत के घाट उतारा
  • दो गिरफ्तार, 24 तक पुलिस की रिमांड पर
  • वारदात लोगों के सामने हुई
  • कोई बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया

Nagpur News प्रेमिका के पति की हत्या करने के बाद आरोपी ने थाने जाकर हंसते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। वारदात को इतनी नृशंसता से अंजाम दिया गया कि, उसके शरीर के अंग बाहर निकल आए। दिल दहलाने वाले इस हत्याकांड से प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े हो गए। पांचपावली थाने में प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने दोनों को 24 अप्रैल तक पुलिस की रिमांड में भेज दिया।

मनपा में सफाई कर्मी था : मृतक ठक्करग्राम, खटीकपुरा निवासी शेरा सूर्यप्रकाश मलिक (32) मनपा में सफाई कर्मी था। वह दो बच्चों का पिता था। करीब दो-ढाई साल से शेरा की पत्नी के रजत उर्फ गीतेश कमलेश उके (32), नाईक तलाब, बांग्लादेश निवासी से प्रेम संबंध थे। शेरा को भनक लगने पर उसने कई बार पत्नी को फटकारा। सुधरने की नसीहत दी। बावजूद वह रजत से मिलती रही। इसे लेकर आए दिन दोनों में विवाद होता था।

पत्नी से दूर रहने के लिए धमकाया था : शेरा ने रजत को पत्नी से दूर रहने के लिए धमकाया था और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उनका विवाद थाने भी पहुंचा, लेकिन घेरलू कलह बताकर पुलिस ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। रविवार को रात करीब 9.30 बजे शेरा परिसर में ही रहने वाली अपनी बीमार सास को दवा देने गया। वहां से दोपहिया वाहन पर घर लौटते समय नंदगिरि रोड पर समाज भवन के सामने रजत ने मित्र भोजराज मोरेश्वर कुंभारे (34) की मदद से शेरा को घेर लिया और धक्का देकर उसे वाहन से गिरा गया। गाली-गलौज और विवाद के दौरान शेरा खुद को संभाल पाता उसके पहले ही रजत और भोजराज ने उस पर सत्तूर से जानलेवा हमला कर दिया।

200 मी. तक चलता रहा, फिर बेहोश हो गया : सत्तूर से शेरा के सिर, गर्दन, सीना, हाथ, पैर और पेट पर सपासप वार किए, जिससे शेरा का एक फेफड़ा और अांतें बाहर आ गईं। बावजूद शेरा जान बचाते हुए करीब 200 मीटर तक चलता गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। इस दौरान भी आरोपियों ने उस पर कई वार किए। वारदात लोगों के सामने हुई, लेकिन कोई उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। घटना बस्ती के पास होने से किसी ने घटित की सूचना शेरा के बड़े भाई पृथ्वीराज को दी। पृथ्वीराज दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा और और तुरंत उसे ऑटो में मेयो अस्पताल ले गया, जहां कुछ देर बाद शेरा की मौत हो गई।

थाने जाकर जोर-जोर से हंसने लगा आरोपी : घटना के बाद आरोपी रजत पांचपावली थाने में पहुंचा और पुलिस अधिकारियों के सामने जोर-जोर से हंसने के बाद उन्हें बताया कि, उसने शेरा की हत्या कर दी है। अब वह अपनी प्रेमिका से शादी कर सकता है, जबकि रजत शादीशुदा है और एक बच्ची का पिता है। वारदात के बाद भोजराज मौके से फरार हो गया था, जिसे कुछ देर बाद ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दोनों को अदालत में पेश कर 24 अप्रैल तक पीसीआर में लिया गया है।



Created On :   22 April 2025 12:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story