चोरी: नागपुर विमानतल पर पहुंचे हज यात्रियों के बैग से सामान चोरी , भारी हंगामा

नागपुर विमानतल पर पहुंचे हज यात्रियों के बैग से सामान चोरी , भारी हंगामा
  • किसी के बैग फटे थे, तो किसी की चेन टूटी थी
  • सऊदी एयरलाइंस के अधिकारियों ने दर्ज की शिकायत
  • 20 हाजियों के साथ हुई चोरी की वारदात

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हज यात्रा कर मदीना से लौटे हाजियों की बैग से सामान चोरी किए जाने को लेकर रविवार रात नागपुर विमानतल पर भारी हंगामा हुआ। हाजियों और तंजीम खादिमूल हुज्जाज के पदाधिकारियों के दबाव के बाद सऊदी एयरलाइंस के अधिकारियों द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद मामला शांत हुआ। बता दें कि, शनिवार रात से हाजियों का वतन वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है।

खजूर, तस्बीह, नकाब सहित आवश्यक सामान गायब

रविवार रात 10.20 बजे सऊदी एयरलाइंस के फ्लाइट क्र.-एस.वी. 5196 से 362 हज यात्री नागपुर विमानतल पर पहुंचे। हाजियों का लगेज बेल्ट पर आना शुरू हुआ और जब उन्होंने अपना लगेज लिया, तो पता चला कि, उनकेे बैग के ताले टूटे हैं।

किसी के बैग फटे थे, तो किसी की चेन टूटी हुई थी। बैग खोलने पर पता चला कि, बैग से खजूर, जानमाज, तस्बीह और नकाब के अलावा अन्य आवश्यक सामान गायब थे। इससे हाजियों के होश उड़ गए। चोरी की घटना एक-दो नहीं, बल्कि 20 हाजियों के साथ हुई थी। घटना को लेकर विमानतल पर हाजियों ने अपना गुस्सा जताया। हाजियों की खिदमत करने वाली संस्था तंजीम खादिमूल हुज्जाज के पदाधिकारियों को जब बैग से सामान की चोरी का पता चला, तो उन्होंने भी हंगामा किया। इससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हंगामे को देखते हुए आखिरकार सऊदी एयरलाइंस के अधिकारी पहुंचे। हाजियों और तंजीम के पदाधिकारियों ने बैग से सामान चोरी होने जानकारी दी अधिकारियों को दी, तो उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। आखिरकार पदाधिकारियों के दबाव में अधिकारियों ने हाजियों की शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि, सऊदी एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।

दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग : तंजीम के पदाधिकारियों ने बैग से सामान चुराने की घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि, इसके लिए जवाबदार अधिकारियों से बात कर सामान वापस दिलाने की कोशिश करेंगे। दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करेंगे। सामान वापस नहीं मिलने पर एयरलाइंस से हर्जाने की मांग की जाएगी। रात करीब 2 बजे तक तंजीम के सभी पदाधिकारी विमानतल पर डटे रहे।

Created On :   9 July 2024 12:42 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story