नागपुर: एसटी की लापरवाही - एक माह में 7 दुर्घटनाएं दर्ज, ओवर स्पीड बन रहा मुख्य कारण

एसटी की लापरवाही - एक माह में 7 दुर्घटनाएं दर्ज, ओवर स्पीड बन रहा मुख्य कारण
  • चालक खोल देते हैं बसों की स्पीड
  • दुर्घटना का मुख्य कारण लापरवाही

डिजिटल डेस्क, नागपुर. एसटी बसों की दुर्घटना के मामले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। जिसके कारण यात्रियों का अब एसटी की सुरक्षा पर कम ही विश्वास रह गया है। अधिकारियों की मानें तो दुर्घटना का मुख्य कारण बसों की ओवर स्पीड है। जिससे बसें दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। नियमानुसार सुपर बसों की 80 व ऑर्डनरी बसों की 60 तक स्पीड लॉक की है, लेकिन कुछ ड्राइवर व कं़डक्टर इस स्पीड को खोल देते हैं। ड्यूटी खत्म करने के चक्कर में बसों को 100 से ज्यादा की स्पीड में भी चलाते हैं। जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। मई माह में ही 7 दुर्घटनाएं नागपुर विभाग अंतर्गत दर्ज की गई हैं। जिसमें गंभीर घटनाएं भी हैं।

चालक खोल देते हैं बसों की स्पीड : वर्तमान स्थिति में बस चालकों में ज्यादातर युवा रहते हैं। जो बसों को अधिक रफ्तार से चलाते हैं। जबकि आरटीओ का नियम है, कि सुपर बसों को 80 व ऑर्डनरी बसों को 60 के ऊपर नहीं चलाना चाहिए। ऐसे में अधिकतम बसों की स्पीड इसी दायरे में लॉक कर रखी है। लेकिन बताया गया कि, कुछ ड्राइवर समय बचाने के लिए इन बसों की स्पीड खोल देते हैं। नट की सेटिंग करने के बाद इसे खोला जाता है, वहीं इसे आगे बढ़ाकर कस दिया जाता है। जिससे बस की स्पीड खुल जाती है। वहीं यह बसें भी 100 से ज्यादा रफ्तार पर दौड़ती हैं। ऐसे में अचानक सामने कोई आने पर ड्राइवर बसों को नियंत्रित नहीं कर पाता है। जिससे दुर्घटना हो जाती है।

कब-कब हुईं घटनाएं : इसी महीने पहली घटना 18 मई को हुई है। जो बस क्रमांक एमएच 40 वाई 5818 तुमसर मार्ग पर दुर्घटना का शिकार बनी। दुसरी घटना गणेशपेठ डिपो की बस का 22 मई को बस क्रमांक एमएच 40 वाई 5881 की पुसद-यवतमाल के बीच हुई। तीसरी घटना 24 मई को बस क्रमांक एमएच 40 वाई 5232 का काटोल रोड पर दुर्घटना हुई। चौथी घटना 27 मई को एमएच 09 ईएम 1975 की अमरावती रोड पर हुई है। पांचवी घटना बस क्रमांक एमएच 40 एक्यू 6149 की तुमसर मार्ग पर हुई है। छठवीं घटना एमएच 40 एक्यू 6316 की साकोली रोड पर हुई है। वहीं अंतिम यानी सातवीं घटना गणेशपेठ डिपो की बस क्रमांक एमएच 06 बीडब्ल्यू 4323 की कोंढाली जुनापानी में दुर्घटना हुई है।

दुर्घटना का मुख्य कारण लापरवाही

विनोद चावरे, विभाग नियंत्रक, एसटी महामंडल के मुताबिक बसों की दुर्घटना का मुख्य कारण कुछ कर्मचारियों की लापरवाही है। क्योंकि कर्मचारी समय बचाने के लिए बसों की स्पीड लॉक सिस्टम से छेड़छाड़ करते हैं। जिससे बसें ओवर स्पीड चलाई जाती हैं। वहीं दुर्घटना का शिकार हो जाती हैं।



Created On :   2 Jun 2024 9:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story