ब्लास्ट: नागपुर की बारूद बनाने वाली चामुंडी एक्सप्लोसिव कंपनी में विस्फोट; 6 की मौत, 3 घायल

नागपुर की बारूद बनाने वाली चामुंडी एक्सप्लोसिव कंपनी में विस्फोट; 6 की मौत, 3 घायल
  • चामुंडी एक्सप्लोसिव कंपनी में झुलसे लोगों की पहचान हुई मुश्किल
  • कंपनी की यूनिट में पटाखे की बाती बनाने का काम कर रहे थे मजदूर
  • मृतकों में 5 महिलाएं और एक पुरुष शामिल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित धामना (लिंगा) गांव के पास चामुंडी एक्सप्लाेसिव कंपनी प्राइवेट लिमिटेड में विस्फोट हो जाने पर 6 मजदूरों की मौत हो गई। इनमें 5 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना में 3 से अधिक लोग जख्मी हो गए। मृतकों के नाम प्रांजलि मोदरे (22), प्राची फलके (20), वैशाली क्षीरसागर (20), शीतल चटप (30) मोनाली अलोने (27) सभी निवासी धामना आैर पन्नालाल बंदेवार (50) सातनवरी निवासी है। घायलों में श्रद्धा पाटील, प्रमोद चव्हारे आैर दानसा म्हरसकोल्हे का समावेश बताया गया है।घटना गुरुवार की दोपहर करीब 1 बजे हुई। कंपनी में पटाखे की बाती की रील बनाते समय मशीनों में अधिक गर्माहट पैदा होने के कारण अचानक विस्फोट हो गया, जिससे काम कर रहे मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल भी मौके पर पहुंचे । कुछ मजदूरों के चेहरे इतने विकृत हो गए कि पहचानना भी मुश्किल हो गया।

क्या है मामला: पुलिस सूत्रों के अनुसार विस्फोटक तैयार करने वाली चामुंडी एक्सप्लोसिव कंपनी में करीब 100 मजदूर कार्यरत हैं। कंपनी की यूनिट में पटाखे की बाती बनाने का काम करीब 12 मजदूर कर रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे कंपनी में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाजें सुनकर आस- पास के इलाके के लोग सहम गए। धमाका इतना भीषण था कि कंपनी की इमारत की छत उड़ गई। घटना में 9 मजदूर गंभीर जख्मी हो गए। बाद में इनमें से छह की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिला व एक पुरुष है। तीन घायलों का मेयो अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक मजदूर धामना, नेरी आैर सातनवरी परिसर के रहने वाले हैं।

मदद के लिए ग्रामीण दौड़े विस्फोट के बाद कंपनी में धुआं फैल गया था। यह देखकर ग्रामीण कंपनी की ओर दौड़े। हादसे के बाद कंपनी का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया, जिससे कोई अंदर नहीं जा पा रहा था। अंत में कंपनी का प्रवेश द्वार तोड़ने की कोशिश ग्रामीणों ने की तो गेट खोला गया। कुछ नागरिकों ने पटाखा की बाती बनाने वाली यूनिट के अंदर घुसकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके से कंपनी के सभी अधिकारी गायब हो गए। घायलों की मदद करने को कोई तैयार नहीं था। अंत में गांव के लोगों ने अग्निशमन दल आैर पुलिस को फोन पर जानकारी दी।

पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त : अग्निशमन विभाग के वाहन घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इस दौरान घटनास्थल पर पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त लगा दिया गया था। आक्रोशित नागरिकों को पुलिस ने शांत करने का प्रयास किया, लेकिन नागरिकों ने कंपनी में मजदूरों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किए जाने की बात को लेकर आंदोलन करने के लिए सड़क पर बैठ गए थे। हिंगना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। देशमुख नामक प्रबंधक को हिरासत में लिया गया है।


डेढ घंटे तक तड़पते रहे जख्मी : कंपनी में विस्फोट होने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक जख्मी तड़पते रहे। उनकी मदद करने कोई आगे नहीं आ रहा था। अंत में गांव के लोगों ने मदद के लिए कंपनी के अंदर प्रवेश किया।

Created On :   14 Jun 2024 5:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story