- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- तीसरी लाइन - जल्द नागपुर से...
Nagpur News: तीसरी लाइन - जल्द नागपुर से बल्लारशाह तक नो टेंशन, वर्धा लाइन का काम लगभग पूरा
![तीसरी लाइन - जल्द नागपुर से बल्लारशाह तक नो टेंशन, वर्धा लाइन का काम लगभग पूरा तीसरी लाइन - जल्द नागपुर से बल्लारशाह तक नो टेंशन, वर्धा लाइन का काम लगभग पूरा](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/09/1401897-1.webp)
- वर्तमान में होती है काफी दिक्कत
- जबलपुर से बल्लारशाह तक निर्बाध होगा यातायात
- इंदौर-नागपुर वंदे भारत का समय बदला
Nagpur News. उपराजधानी से वर्धा ही नहीं, बल्कि सीधे बल्लारशाह तक ट्रेन दौड़ाने का टेंशन जल्द खत्म होने वाला है, क्योकि नागपुर-वर्धा तीसरी लाइन का काम लगभग पूरा होने की कगार पर है। जल्द ही वर्धा से बल्लारशाह तक तीसरी लाइन की घोषणा के बाद इसका काम भी नागरी तक पूरा कर लिया गया है। शेष काम साल के अंत तक हो जाएगा, जिससे नागपुर वासियों को सीधे बल्लारशाह तक बिना कोई दिक्कत सफर की सुविधा मिलने वाली है। वर्धा-बल्लारशाह के बीच बन रही थर्ड लाइन पर नागरी से चिकनी रोड स्टेशन तक तीसरी लाइन तैयार कर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। अब तीसरी लाइन का कुछ ही काम शेष है। जल्द ही इसे भी पूरा कर लिया जाएगा। इधर वर्धा-नागपुर तीसरी लाइन का काम भी लगभग पूरा हो गया है।
वर्तमान में होती है काफी दिक्कत
नागपुर-मुंबई लाइन पर वर्धा के बाद दो लाइन हो जाती है। एक लाइन चैन्नई और दूसरी लाइन मुंबई की ओर जाती है। चैन्नई की ओर जाने वाली लाइन पर बल्लारशाह स्टेशन है, जो मध्य रेलवे नागपुर मंडल के दायरे में आता है। अभी तक उक्त सभी दिशा में जाने के लिए केवल अप-डाउन दो ही लाइन थीं। नागपुर-वर्धा तक जाने वाली गाड़ियों की भरमार है, क्योंकि यहां से मुंबई व चैन्नई दोनों दिशा की गाड़ियां चलानी पड़ती हैं। परिणाम स्वरूप नागपुर से वर्धा के बीच क्षमता से अधिक गाड़ियां चलाई जाती हैं। जिससे कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जैसे ट्रेनों को जगह नहीं मिलना, आउटर पर खड़ा रखना, दुर्घटना के समय रेलवे ट्रैक ठप पड़ जाना आदि है। इन समस्याओं को देखते हुए रेलवे ने वर्ष 2018 में तीसरी लाइन की घोषणा की थी, जो नागपुर से वर्धा के बीच बनाई जानी थी। इसका काम भी शुरू हुआ। अभी नागपुर से वर्धा के बीच तीसरी लाइन का काम अंतिम चरण में है। जल्द ही यात्रियों को नागपुर से वर्धा तक तीसरी लाइन की सुविधा मिलने वाली है। इस पर अब वर्धा से बल्लारशाह तक घोषित तीसरी लाइन का काम भी साकार होने की ओर है। ऐसे में नागपुर से बल्लारशाह तक तीसरी लाइन बन जाने पर यात्रियों को और भी ज्यादा सुविधा मिलने वाली है।
जबलपुर से बल्लारशाह तक निर्बाध होगा यातायात
नागपुर से राजनांदगांव जाने वाली ट्रेनों को अब तेजी मिलेगी। गाड़ियां गोंदिया में नहीं अटकेंगी, क्योंकि रेलवे ने 230 करोड़ की लागत से यहां रेल ओवर रेल बनाया है। ऐसे में जिन गाड़ियों को गोंदिया में नहीं रूकना, वह सीधी इसके ऊपर से होकर निकल जाएंगी। जिससे गाड़ियों का रश कम होगा और गाड़ियों को तेजी मिलने वाली है। भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी गोंदिया आरओआर (रेलवे ओवर रेल) परियोजना, जो राजनांदगांव-नागपुर तीसरी रेल लाइन परियोजना का हिस्सा है, जिस पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है।
अब गाड़ियां गोंदिया में नहीं अटकेंगीं
यह नई ब्रॉड गेज रेल लाइन गोंदिया और हिरदामाली स्टेशनों के बीच बनाई जा रही है, जिससे जबलपुर से बल्लारशाह तक ट्रेन परिचालन अधिक प्रत्यक्ष और निर्बाध हो जाएगा। इससे हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की भीड़ कम होगी और रेलवे यातायात अधिक संगठित एवं कुशल बनेगा। इस परियोजना से गोंदिया-हिरदामाली रेल खंड की मौजूदा 16 किमी लंबाई घटकर आधी हो जाएगी। इससे ट्रेन संचालन की गति बढ़ेगी और परिचालन समय में कमी आएगी। फिलहाल जबलपुर-बल्लारशाह रूट की ट्रेनों को गोंदिया स्टेशन यार्ड से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे हावड़ा-नागपुर मार्ग की ट्रेनों को क्रॉसिंग के दौरान रुकना पड़ता है और ट्रेन संचालन में अनावश्यक विलंब होता है। आरओआर के शुरू होने से ट्रेनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी। यह परियोजना शीघ्र ही पूरी होने वाली है, जिससे रेल यातायात को एक नई दिशा मिलेगी।
इंदौर-नागपुर वंदे भारत का समय बदला
मध्य रेल, नागपुर मंडल ने नागपुर स्टेशन पर गाड़ी इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20911/20912) के आगमन और प्रस्थान समय में संशोधन किया है। संशोधित समय के अनुसार नागपुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20911 इंदौर–नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पुराना आगमन समय दोपहर 2.30 के बजाय नया आगमन समय दोपहर 2.35 बजे होगा। गाड़ी संख्या 20912 नागपुर–इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस प्रस्थान समय दोपहर 3.20 बजे में में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
Created On :   9 Feb 2025 6:53 PM IST