Nagpur News: स्टेशन पर महिला यात्री का बैग चुरानेवाले आरोपी को 6 घंटे में पकड़ा

स्टेशन पर महिला यात्री का बैग चुरानेवाले आरोपी को 6 घंटे में पकड़ा
  • नागपुर स्टेशन की घटना
  • यात्री के नींद का फायदा उठाकर की थी चोरी
  • चोरी करते सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी

Nagpur News बच्चों को गर्मियों की छुटि्टयां लगनी शुरू हो गई है। जिससे रेलवे गाड़ियों में यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है। लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही गाड़ियों में व स्टेशनों पर चोरों के गिरोह सक्रिय होने लगे हैं। जो यात्रियों के कीमती सामान चोरी कर रहे हैं। इसी तरह बुधवार की तड़के ट्रेन का इंतजार कर रही एक महिला यात्री के नींद का फायदा उठाकर एक आरोपी ने बैग पर हाथ साफ कर लिया। नागपुर जीआरपी को इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रियंका नारनवरे के मार्गदर्शन व पीआई गौरव गावंडे के नेतृत्व में आरोपी को महज 6 घंटे में पकड़ा गया। जिसके बाद इसके पास से चोरी किया सामान वापस लिया गया। इस पर मामला दर्ज कर इसे न्यायालय के सामने पेश किया गया।

जानकारी के अनुसार फरियादी महिला यात्री भगत की कोठी एक्सप्रेस गाड़ी से नागपुर रेलवे स्टेशन पर मध्यरात्रि को आई थी। यहां से उसे वर्धा में जाना था। वर्धा के लिए सुबह की गाड़ी रहने से वह गाड़ी का इंतजार करने के लिए प्लेटफार्म नंबर 2 के एक बेंच पर बैठ गई थी। गाड़ी का इंतजार करते करते उसकी आंख लग गई। जिसका फायदा पास ही में ताक में बैठा आरोपी ने मनोज पाल (34) निवासी बिहार ने उठाया उसने छुपके से महिला की बैग पर हाथ साफ कर वहां से भाग गया।

महिला यात्री की नींद सुबह खुलने के बाद उसे चोरी की भनक लगी। जिसके बाद उसने तुरंत इटारसी एंड की ओर बने जीआरपी थाने में जानकार जानकारी दी। जीआरपी में शिकायत दर्ज कराने के बाद जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जिसमें आरोपी तड़के 3.30 बजे महिला यात्री के बैग पर हाथ साफ करते हुए पाया गया। इसके बाद आरोपी की फोटो की सहायता से इसकी खोजबीन शुरू की। दोपहर को 2 बजे आरोपी को संतरा मार्केट से पकड़ा गया। आरोपी बल्लारशाह में काम करता है। ऐसे में वह भागने की फिराक में था। लेकिन सही समय में जीआरपी की टीम ने उसे धर दबोचा। इन दिनों प्लेटफार्म पर लगातार चोरियों की घटना हो रही है। ऐसे में जीआरपी ने सतर्क रहने की अपील की है।


Created On :   19 March 2025 4:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story