Nagpur News: नागपुर पहुंचीं कच्छ की बाइकर रितिका शर्मा बोलीं - महिलाएं स्वतंत्र होकर अपने सपनों को जिएं

नागपुर पहुंचीं कच्छ की बाइकर रितिका शर्मा बोलीं - महिलाएं स्वतंत्र होकर अपने सपनों को जिएं
  • गुजरात से शुरू की 12 हजार किमी की यात्रा
  • जीरो माइल लैंडमार्क पर खास पल बिताए

Nagpur News कच्छ, गुजरात निवासी बाइकर रितिका शर्मा अपनी 12 हजार किलोमीटर लंबी सोलो मोटरसाइकिल यात्रा के तहत सोमवार को नागपुर पहुंचीं। उन्होंने 10 मार्च को अपनी यात्रा की शुरुआत गुजरात से की थी और कन्याकुमारी होते हुए देश के मध्य नागपुर पहुंचीं। यहां से वह कश्मीर की ओर प्रस्थान करते हुए अपने गृह राज्य लौटेंगी। नागपुर में उन्होंने जीरो माइल लैंडमार्क पर खास पल बिताए, जहां एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उनकी तस्वीरें लेने में मदद की।

सामाजिक बदलाव की पहल : रितिका होटल और टूरिज्म मैनेजमेंट ग्रेजुएट हैं। उन्होंने 2019 में पुणे में काम करते हुए बाइकिंग में रुचि विकसित की। कच्छ जैसे इलाके में जहां महिला बाइकर्स दुर्लभ हैं, उन्होंने समाज की रूढ़ियों को तोड़ते हुए इस रोमांचक सफर की शुरुआत की। उन्होंने ‘मुसाफ़िरों की यारियां’ नाम से एक बाइकिंग ग्रुप भी शुरू किया, जो महिलाओं को बाइकिंग अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

अच्छे अनुभव और चुनौतियां : वह कहती हैं कि सफर के दौरान अच्छे अनुभव और चुनौतियां मिलीं। -"सैंड्स, शोर्स एंड स्नो' थीम पर आधारित सफर में अब तक 5 हजार किमी की दूरी तय की है। सूरत, हम्पी और बंगलुरु जैसे शहरों से होते हुए कई रोमांचक और चुनौतीपूर्ण अनुभवों का सामना किया। कुछ जगह पर भाषा की कठिनाइयां और कुछ जगहों पर अनवांटेड अटेंशन झेलना पड़ा, लेकिन सकारात्मक सोच के साथ यात्रा जारी रखी।

हौसले की कोई सीमा नहीं : रितिका कहती हैं कि जुनून और हौसले की कोई सीमा नहीं होती। लोगों के समर्थन से उन्हें यात्रा के दौरान सुरक्षा और मार्गदर्शन मिला। इससे उनका सफर और भी सुगम हो गया। उन्होंने कहा कि नागपुर में बिताए गए समय और यहां के बाइकर्स का सहयोग उनके लिए खास रहा। कश्मीर की ओर बढ़ते हुए वह महिलाओं को सामाजिक बंधनों से मुक्त होकर अपने सपनों को जीने का संदेश देने की कोशिश कर रही हैं।

Created On :   3 April 2025 1:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story