मौसम: मानसून की एंट्री, झमाझम बरसे मेघ, यातायात हुआ प्रभावित, बिजली रही गुल

मानसून की एंट्री, झमाझम बरसे मेघ, यातायात हुआ प्रभावित, बिजली रही गुल
  • एक घंटे की बारिश से सड़कों पर भरा पानी
  • नाले और नालियां उफान पर
  • कई जगह गिरे पेड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश के साथ ही मानसून की एंट्री हो गई। एक घंटे तक हुई बारिश से कई जगह पानी जमा होने के अलावा गर्मी से भी राहत मिल गई। शुक्रवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। नागपुर समेत पूरे विदर्भ में मानसून पहुंच गया है।

आज भी हो सकती है बारिश : मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश के ऊपर हवा में चक्रवात बनने से नागपुर में झमाझम बारिश हुई। पिछले कई दिनों से मानसून का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। शुक्रवार को हुई बारिश के साथ ही मानसून का इंतजार भी खत्म हाे गया। बारिश का पानी कई जगह सड़कों व चौराहों पर जमा होने से यातायात प्रभावित हो गया था। अचानक हुई बारिश से वाहन चालकों को बारिश से बचने की जगह खोजनी पड़ी। बारिश के दौरान जनजीवन एक तरह से रुक गया था। अधिकांश लोग जहां थे, वहीं रुक गए थे। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मध्यम बारिश हुई। शनिवार को आसमान मंे बादल छाए रहेंगे। गर्मी से राहत रहेगी आैर तेज हवा व मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है।

दमकल कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत : झमाझम बारिश से कई जगह पेड़ गिर गए। धरमपेठ में एक नामी ज्वेलर्स की दुकान के पास पेड़ गिर गया। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पेड़ को सड़क के किनारे किया। इसके अलावा भी कई जगह पेड़ की शाखाएं गिर गईं। बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली गुल रही। एहतियात के तौर पर बिजली बंद रखी गई थी। बारिश के जाने के बाद बिजली आपूर्ति पूर्ववत हो गई। बारिश का पानी गड्ढों में जमा होने से वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। बारिश का पानी रास्तों पर व गड्ढों में जमा होने से वाहन चलाते समय अधिक सतर्क रहना पड़ता है। लोहा पुल व नरेंद्र नगर पुलिया के नीचे बारिश का पानी बहुत देर तक जमा रहा।


Created On :   22 Jun 2024 10:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story