राहत: नागपुर रेलवे स्टेशन से अपहृत 6 माह का बच्चा पुसला गांव में मिला

नागपुर रेलवे स्टेशन से अपहृत 6 माह का बच्चा पुसला गांव में मिला
  • महिला ने किसी व्यक्ति के मोबाइल से किया था फोन
  • फोन नंबर के आधार पर पुलिस पहुंची आरोपी महिला के घर
  • बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता को मिली राहत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर रेलवे स्टेशन से गुरुवार की सुबह एक 6 महीने के मासूम का अपहरण हुआ था, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था में खलबली मच गई थी। जीआरपी नागपुर ने 3 से 4 टीम को आरोपी की तलाश में अलग-अलग दिशा में रवाना किया था। ऐसे में टीम को जांच-पड़ताल के बाद शुक्रवार की दोपहर में सफलता मिली। एक फोन नंबर के आधार पर पुलिस अमरावती के पुसला गांव में पहुंची, जहां आरोपी महिला रहती थी। कार्रवाई में पुलिस ने महिला को बच्चे के साथ पकड़ लिया। महिला को गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया, वहीं बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।

क्या था मामला ः बुधवार की रात अमरावती के राजुरा निवासी उमाकांत इंगले अपनी पत्नी व 2 बच्चों के साथ नागपुर रेलवे स्टेशन पर आया था। उसका एक बेटा 6 माह का था। उन्हें गोंदिया जाना था, इसलिए रात में प्लेटाफार्म नंबर 4 पर सोये थे। इनके साथ आरोपी महिला भी थी, जिसका नाम पुलिस ने सूर्यकांता विश्वनाथ कोहरे (40) निवासी अमरावती पुसला बताया है। आरोपी महिला ने उमाकांत से भूख लगने की बात कही थी, जिसके बाद उसने इसे खाना भी खिलाया था। रात को सोने के बाद जब सुबह 4.30 बजे उमाकांत उठा, तो उसने देखा कि उसका 6 माह का बेटा राम और आरोपी महिला गायब थे। उमाकांत ने पूरे परिसर में बच्चे व महिला को ढूंढ़ा, लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर जीआरपी थाने में घटना की सूचना दी। उसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो आरोपी महिला नागपुर-वर्धा मेमू में चढ़ती हुई दिखाई दी। उसके बाद पुलिस ने 3 टीम तैयार कर इस रास्ते पर पड़ने वाले विभिन्न स्टेशनों पर खोजबीन के लिए भेजा था।

ऐसे लगी हाथ ः जीआरपी की एक टीम को वर्धा के वरुड स्टेशन पर पता चला कि आरोपी महिला यहां उतरी थी, लेकिन वह गलती से उतर गई थी। उसे अमरावती के वरुड़ स्टेशन पर जाना था। यहां के कुछ लोगों को वह बताई थी कि उसका पति उसे व बच्चे को बहुत मारता है, खाना भी नहीं देता है। ऐसे में लोगों ने उसे खाना खिलाया। इसके बाद उसे बस में बैठाकर अमरावती के वरुड़ के लिए रवाना किया। इस बीच महिला ने किसी व्यक्ति का मोबाइल मांगकर एक व्यक्ति को फोन लगाने की बात भी पुलिस को पता चली। उसके बाद उस व्यक्ति को ढूंढ़कर उसके मोबाइल से नंबर लेकर साइबर सेल की मदद से लोकेशन पता की गई। यह लोकेशन पुसला गांव की मिली। पुलिस इस गांव में जाकर उस नंबर के व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, तो आरोपी महिला का घर मिला। जहां महिला बच्चे के साथ पाई गई।

क्यों अपहरण किया : सूत्र की मानें, तो महिला का पहला पति मर चुका है। उससे दो बच्चियां थीं, जिनकी शादी हो गई थी। इसके बाद उसने हाल ही में दूसरी शादी की थी, लेकिन अब संतान के नाम पर उसके पास कोई नहीं था, वहीं उसका ऑपरेशन होने से दूसरी संतान की अपेक्षा नहीं कर सकती थी। ऐेसे में उसने बच्चा का अपहरण करने का संदेह है।

Created On :   13 July 2024 9:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story