बड़े प्रोजेक्ट्स: मराठवाड़ा, विदर्भ, पुणे और पनवेल में 1 लाख 17 हजार 220 करोड़ रुपए के निवेश

मराठवाड़ा, विदर्भ, पुणे और पनवेल में 1 लाख 17 हजार 220 करोड़ रुपए के निवेश
  • 29 हजार रोजगार पैदा होंगे
  • इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण में अग्रणी होगा महाराष्ट्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य के मराठवाड़ा, विदर्भ, पुणे और पनवेल में 1 लाख 17 हजार 220 करोड़ रुपये के निवेश के साथ उच्च प्रौद्योगिकी पर आधारित 4 बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री शिंदे की अध्यक्षता में उद्योग विभाग की कैबिनेट उप समिति की बैठक में इस पर मुहर लगी। इन परियोजनाओं से राज्य में करीब 29 हजार रोजगार पैदा होंगे। शिंदे ने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं से प्रदेश में सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण में बड़ी संख्या में निवेश होगा तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इससे महाराष्ट्र की पहचान इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में होगी। इससे पहले जुलाई में हुई उपसमिति की बैठक में 80 हजार करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं को मंजूरी दी गई थी। पिछले दो महीनों में हुई बैठकों में कुल दो लाख करोड़ की निवेश परियोजनाओं को राज्य में मंजूरी दी गई है। जिससे करीब 35 हजार रोजगार पैदा होंगे।

मंत्रालय के कैबिनेट हॉल में हुई इस बैठक में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उद्योग मंत्री उदय सामंत और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि टावर सेमीकंडक्टर कंपनी और अडानी समूह के संयुक्त नेतृत्व में उच्च तकनीक पर आधारित सेमीकंडक्टर निर्माण का विशाल प्रोजेक्ट पनवेल में होगा। पहले चरण में 58 हजार 763 करोड़ और दूसरे चरण में 25 हजार 184 करोड़ रुपये, कुल 83 हजार 947 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस प्रोजेक्ट से 15 हजार नौकरियां पैदा होंगी। इस बीच 30 जुलाई 2024 को हुई कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में आरआरपी इलेक्ट्रॉनिक्स के बड़े सेमीकंडक्टर मैन्यूफैक्चरिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई थी। यह परियोजना राज्य की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण परियोजना है। इस प्रोजेक्ट में चिप का निर्माण जल्द शुरू होगा। आरआरपी इलेक्ट्रॉनिक्स और टॉवर सेमीकंडक्टर कंपनी की परियोजनाओं से उन्नत सेमीकंडक्टर का उत्पादन होगा। महाराष्ट्र इस क्षेत्र में भारत में सबसे आगे रहेगा। यह देश में बढ़ती मांग को पूरा करने और सेमीकंडक्टर प्लांट स्थापित करने को भी बढ़ावा देगा।

स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया कंपनी का प्रोजेक्ट पुणे में स्थापित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में कुल 12 हजार करोड़ का निवेश होगा। इसके जरिए एक हजार नौकरियां पैदा होंगी और नवीनतम तकनीक पर आधारित इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन किया जाएगा। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी छत्रपति संभाजीनगर में एक विशाल इलेक्ट्रिक वाहन परियोजना शुरू करेगी। इस प्रोजेक्ट में कुल 21 हजार 273 करोड़ का निवेश होगा और इससे 12 हजार नौकरियां पैदा होंगी। इससे मराठवाड़ा के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को लाभ होगा। इलेक्ट्रिक वाहन के उपयोग से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में काफी कमी आएगी और वायु गुणवत्ता और जलवायु परिवर्तन में योगदान मिलेगा। कपड़ा उद्योग नीति के तहत रेमंड लक्जरी कॉटन की एक बड़ी परियोजना अमरावती में होगी। इस प्रोजेक्ट में 188 करोड़ का निवेश और 550 नौकरियां पैदा होंगी।

Created On :   6 Sept 2024 1:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story