भारत जोड़ो न्याय यात्रा: राहुल गांधी ने कहा - इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा उगाही का रैकेट

राहुल गांधी ने कहा - इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा उगाही का रैकेट
  • ठाणे पहुंची राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
  • इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा उगाही का रैकेट

डिजिटल डेस्क, मुंबई. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पालघर होते हुए ठाणे पहुंची। यहां भिवंडी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल ने एलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम सार्वजनिक होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कॉन्सेप्ट प्रधानमंत्री मोदी की देन है। मोदी ने ही इसकी शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड दुनिया का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार और उगाही का रैकेट है। यह कंपनियों से हफ्ता लेने का तरीका है। इसमें सेल कंपनियां भी हैं। जिसमें सीबीआई और ईडी के जरिए दबाव डाला जाता है और फिर भाजपा को एक हिस्सा इन कंपनियों से बॉन्ड के जरिए मिल जाता है। सीबीआई और ईडी भाजपा के लिए उगाही का रैकेट चला रहे हैं। राहुल ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी न किसी दिन जब भी भाजपा की सरकार बदलेगी तो ऐसी कार्रवाई होगी कि आगे फिर कभी ऐसा नहीं होगा।

फसल गारंटी मूल्य (एमएसपी) कानून बनाया जाए

इससे पहले उन्होंने कहा था कि देश के किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली बॉर्डर और रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि फसल गारंटी मूल्य (एमएसपी) कानून बनाया जाए, लेकिन मोदी सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। मोदी सरकार ने देश के अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया है लेकिन किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं किया है। जो लोग किसानों की तकलीफ नहीं जानते, वह किसानों का क्या भला करेंगे। भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नासिक में ‘किसान न्याय गारंटी' पेश किया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आई तो किसानों के साथ न्याय होगा। उनके दरवाजे किसानों के लिए हमेशा खुले रहेंगे। इसके साथ ही किसानों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा जाएगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में गुरुवार को राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत भी शामिल हुए।





Created On :   15 March 2024 4:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story