- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पहलगाम हमले के बाद एक्शन में...
Mumbai News: पहलगाम हमले के बाद एक्शन में फडणवीस, घाटी में फंसे लोगों को वापस लाने की रणनीति

- मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की मदद, घायलों को 50 हजार
- आपदा प्रबंधन मंत्री को श्रीनगर भेजा, उपमुख्यमंत्री शिंदे भी पहुंचे
- अभी तक 275 पर्यटकों के फंसने की जानकारी- आपदा प्रबंधन विभाग
Mumbai News. जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्शन में आते हुए जम्मू कश्मीर में अटके हुए हर शख्स को वापस लाने की मुहिम तेज कर दी है। फडणवीस ने राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन को घाटी में अटके पर्यटकों से समन्वय करने के लिए श्रीनगर भेजा है। हमले में मारे गए सभी छह पर्यटकों का पार्थिव शरीर मुंबई और पुणे पहुंच गए हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की मदद का ऐलान किया है। पहलगाम में हुए हमले के बाद राज्य सरकार ने महाराष्ट्र के प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए मंत्रालय में एक आपातकालीन केंद्र शुरू किया है। जिसके लिए दो अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जम्मू कश्मीर में किसी भी जगह अटके हुए लोग आपातकालीन नंबर 022-22027990 और 22794229 पर संपर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने सभी नागरिकों के साथ इस कठिन समय में खड़ी हुई है। जो भी पर्यटक जम्मू कश्मीर में फंसे हुए हैं उनको वापस लाने के लिए हवाई मार्ग के साथ-साथ रेल मार्ग के जरिए वापस लाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि जम्मू कश्मीर में अटके लोगों से समन्वय स्थापित करने के लिए आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन को श्रीनगर भेजा गया है, जो वहां स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क में हैं।
एयरपोर्ट पर मंत्रियों ने संभाली कमान
पहलगाम हमले में महाराष्ट्र के चार लोगों का पार्थिव शरीर मुंबई पहुंच गया। पीड़ित परिवारों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने कई मंत्रियों जिसमें आशीष शेलार, मंगलप्रभात लोढ़ा और योगेश कदम को एयरपोर्ट पर तैनात किया। इन मंत्रियों ने सभी इंतजाम कर मृतकों के पार्थिव शरीर को डोंबिवली रवाना किया। दो लोगों के पार्थिव शरीर पुणे एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां के केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल के अलावा माधुरी मिसाल भी मौजूद रहीं।
मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख
मुख्यमंत्री फडणवीस ने मृतकों को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके परिजनों को पांच पांच लाख की मदद देने का ऐलान किया। घायलों को भी 50 हजार की मदद देने की घोषणा की। फडणवीस ने कहा कि आर्थिक मदद देकर पीड़ित परिवारों के दर्द को कम नहीं किया जा सकता लेकिन राज्य सरकार उन सभी लोगों के दुखों में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी हुई है।
स्पेशल विमान से अटके लोगों को वापस लाएगी सरकार
फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने जम्मू कश्मीर में फंसे हुए पर्यटकों को वापस सुरक्षित महाराष्ट्र में लाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सरकार ने कई विमान कंपनियों को दैनिक फ्लाइट के अलावा अतिरिक्त विमान की सेवा शुरू करने की अपील की है। फडणवीस ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में कश्मीर और श्रीनगर में फंसे सभी पर्यटकों को वापस लाया जाएगा। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन श्रीनगर पहुंच गए हैं और वहां पर फंसे पर्यटकों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
अभी तक 275 पर्यटकों के फंसने की जानकारी- आपदा प्रबंधन विभाग
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग को बुधवार शाम तक 275 पर्यटकों की फंसे होने की जानकारी मिली। इस विभाग के अधिकारी के अनुसार राज्य सरकार ने दो हेल्पलाइन नंबर जारी कर राज्य के लोगों से जम्मू कश्मीर में फंसे हुए लोगों की जानकारी मांगी है।
राज्य के पर्यटकों की मदद के लिए शिंदे भी श्रीनगर पहुंचे
राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे भी श्रीनगर पहुंच गए हैं। उपमुख्यमंत्री शिंदे के कार्यालय के मुताबिक शिंदे जम्मू कश्मीर प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर राज्य के फंसे हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाने की रणनीति बनाने के लिए पहुंचे हैं।
Created On :   23 April 2025 9:56 PM IST