Mumbai News: राज ने कहा - आतंकियों का ऐसा बंदोबस्त हो कि दस पीढ़ी कांप जाएं, देसाई बोले - दो भाईयों के मनोमिलन का इंतजार

राज ने कहा - आतंकियों का ऐसा बंदोबस्त हो कि दस पीढ़ी कांप जाएं, देसाई बोले - दो भाईयों के मनोमिलन का इंतजार
  • आतंकियों का ऐसा बंदोबस्त हो कि दस पीढ़ी कांप जाएं
  • पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के चलते देश भर में गुस्से का माहौल
  • दोनों भाईयों के मनोमिलन का राज्य की जनता इंतजार कर रही है- सुभाष देसाई

Mumbai News. पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के चलते देश भर में गुस्से का माहौल है। राज्य के सभी विपक्षी दलों ने भी इस हमले के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने बुधवार को हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर केंद्र सरकार से हमलावरों का बंदोबस्त करने की मांग की। दादर में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में इस मामले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कांग्रेस के नेताओं ने 2 मिनट का मौन रखा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सपकाल ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा यह हमला किया गया है, इसलिए आतंकवाद का हमेशा के लिए खात्मा किया जाना चाहिए। सरकार को सर्वदलीय बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से फैसला लेना चाहिए, ताकि आतंकियों को स्पष्ट संदेश दिया जा सके। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने हमले पर सवाल उठाते हुए कहा इतना बड़ा हमला होने के बावजूद खुफिया विभाग को इसकी जानकारी नहीं मिली, इस बात की जांच होनी चाहिए। यह सुरक्षा एजेंसी की विफलता है। उधर राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जिस तरह से आतंकियों ने छुट्टी मनाने के लिए कश्मीर गए लोगों पर हमला किया है, इससे पूरा देश गुस्से में है। राज ने कहा कि केंद्र सरकार को हमलावरों का इस तरह का बंदोबस्त करना चाहिए ताकि उनकी आने वाली 10 पीढ़ियां भी थर-थर कांपे। राज ने कहा कि भारत और इजरायल के अच्छे संबंध हैं, इसलिए केंद्र सरकार को इजराइल सरकार के साथ मिलकर आतंकवादियों का सफाया करना चाहिए।

दोनों भाईयों के मनोमिलन का राज्य की जनता इंतजार कर रही है- सुभाष देसाई

वहीं महाराष्ट्र की राजनीति में ठाकरे बंधुओं (उद्धव और राज) के एक साथ आने पर चर्चा अभी भी जारी है। शिवसेना (उद्धव) वरिष्ठ नेता सुभाष देसाई ने कहा कि जिस तरह से शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने बड़ा मन दिखाते हुए दोस्ती का हाथ मिलाने के लिए कदम आगे बढ़ाया है। अब राज्य की जनता दोनों भाइयों के मनोमिलन का इंतजार कर रही है। देसाई ने कहा कि महाराष्ट्र के मुद्दों पर अगर दोनों नेता एक साथ आते हैं तो यह राज्य के हित के लिए उपयोगी कदम होगा। उन्होंने कहा कि हालांकि इसके लिए दोनों ही नेताओं को अपनी-अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का हित भी देखना होगा। देसाई ने कहा कि दोनों नेताओं का महाराष्ट्र के हित के लिए एक साथ आने का यह अच्छा अवसर है। महाराष्ट्र की राजनीति पूरी तरह से बदल गई है आज के दौर में कुछ भी संभव है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय महाराष्ट्र की राजनीति में उलटफेर वाला काल हो सकता है। लेकिन महाराष्ट्र के विकास के लिए अगर कुछ उलटफेर होता है तो यह राज्य हित के लिए अच्छा होगा। देसाई ने कहा कि हम ही नहीं पूरा महाराष्ट्र उस समय का इंतजार उत्साह के साथ कर रहा है कि कब दो भाइयों का मनोमिलन होगा।

Created On :   23 April 2025 10:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story