New Delhi News: महाराष्ट्र चुनाव-कांग्रेस के विभागवार पर्यवेेक्षक नियुक्त, तारीखों का ऐलान, ईवीएम पर स्पष्ट दिखेगी तुतारी

महाराष्ट्र चुनाव-कांग्रेस के विभागवार पर्यवेेक्षक नियुक्त, तारीखों का ऐलान, ईवीएम पर स्पष्ट दिखेगी तुतारी
  • गहलोत को मुंंबई तो बघेल को मिली विदर्भ क्षेत्र की जिम्मेदारी
  • 20 नवंबर को डाले जाएंगे वोट, 23 को होगी गिनती
  • 22 अक्टूबर को जारी होगी अधिसूचना

New Delhi News : हरियाणा में मिली हार के बाद कांग्रेस ने महाराष्ट्र और झारखंड में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसके मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंंगलवार को क्राइसिस मैनेजमेंट के लिए विभागवार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। साथ ही पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक और अविनाश पांडे को राज्य चुनाव वरिष्ठ समन्वयक बनाया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यहां बताया कि राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और डॉ जी परमेश्वरा को मुंबई और कोंकण क्षेत्र का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उमंग सिंगार को विदर्भ क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है तो पार्टी महासचिव सचिन पायलट और पार्टी के वरिष्ठ नेता उत्तम कुमार रेड्‌डी मराठवाड़ा क्षेत्र के पर्यवेक्षक होंगे। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और पार्टी नेता एमबी पाटील को पश्चिमी महाराष्ट्र की जिम्मेदारी मिली है तो डॉ सैयद नासिर हुसैन और डी अनसूया सीताक्का को उत्तर महाराष्ट्र का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वेणुगोपाल ने बताया कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र से ही आने वाले कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक और अविनाश पांडे को राज्य चुनाव वरिष्ठ समन्वयक बनाया गया है। वहीं झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर, अधीर रंजन चौधरी और बी विक्रमार्क मल्लू को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

20 नवंबर को डाले जाएंगे वोट, 23 को होगी गिनती

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया। महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 20 नंवबर को वोट डाले जाएंगे। झारखंड में कुल 81 सीटों पर दो चरणों (13 नवंबर और 20 नवंबर) में वोट डाले जाएंगे। आयोग ने उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में उपचुनाव वाली सीटों की तारीखों की घोषणा भी कर दी है। इसके साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। महाराष्ट्र और झारखंड के साथ उपचुनाव वाली सभी सीटों पर 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।

22 अक्टूबर को जारी होगी अधिसूचना

महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर निर्धारित की गई है। महाराष्ट्र में 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 4 नवंबर 2024 तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। राजीव कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को सभी 288 सीटों पर वोट डाले जाएंगे और 23 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि महाराष्ट्र में 25 नवंबर 2024 के पहले चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।

9.63 करोड़ मतदाता करेंगे नई सरकार का चुनाव

राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों में से 25 सीटें अनुसूचित जनजाति और 29 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। महाराष्ट्र में कुल 9 करोड़ 63 लाख मतदाता हैं। इसमें से 4.97 पुरूष, 4.66 करोड़ महिला और 1.85 करोड़ युवा मतदाता हैं। राज्य मंे 20.93 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रदेश में 47,776 मतदाता 100 साल से अधिक आयु के हैं तो 85 साल से अधिक आयु वाले मतदाताअों की संख्या 12 लाख 43 लाख है। राज्य मंे 6,031 ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं। राज्य में एक मतदान केन्द्र पर औसत मतदाताओं की संख्या 960 होगी।

महाराष्ट्र में बनेंगे कुल 57,582 मतदान केन्द्र

राजीव कुमार ने बताया कि 85 वर्ष के मतदाता घर से मतदान कर सकेंगे। पूरे चुनाव की वीडियोग्राफी की जाएगी। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में 52,789 जगहों पर मतदाता केन्द्रों की कुल संख्या 1,00,186 है। इसमें शहरी क्षेत्र में 42,604 और ग्रामीण क्षेत्र में 57,582 मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे। राज्य में 388 पिंक पोलिंग बूथ तो 530 मॉडल पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछली बार मुंबई शहर से शिकायतें आई थीं कि कुछ बूथों पर ज्यादा पोलिंग स्टेशन थे। इस बार ऐसा नहीं होगा। इस संबंध में बीएमसी को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इस बार मतदान की लाइन के बीच कुर्सी या बेंच लगाने की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि ज्यादा समय लगने की सूरत में मतदाता थोड़ी देर बैठ भी लें। आदिवासी क्षेत्रों में भी मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे।

आपराधिक छवि वाले उम्मीदवार अखबार में देंगे जानकारी

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि आपराधिक छवि वाले उम्मीदवारों को अखबार में तीन बार विज्ञापन देकर इसके बारे में जानकारी देनी होगी। संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर पक्षपात या प्रलोभन की जानकारी मिलती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें किमहाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है, जबकि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त होगा।

नांदेड़ लोस सीट पर उपचुनाव 20 नवंबर को

आयोग ने 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और महाराष्ट्र और केरल की एक एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराने की भी घोषणा की है। महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे तो केरल की वायनाड लोकसभा सीट के लिए 13 नवंबर को वोट पड़ेंगे। सभी के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

ईवीएम पर अब स्पष्ट दिखेगी तुतारी

राकांपा (एसपी) का चुनाव चिन्ह तुतारी अब ईवीएम पर स्पष्ट दिखेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। दरअसल 2024 लोकसभा चुनाव में कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों को तुतारी से मिलता-जुलता पिपानी चिन्ह दिया गया था। इससे मतदाताओं में भ्रम की स्थिति बनी थी। तब राकांपा (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने आरोप लगाया था कि सातारा लोकसभा सीट से राकांपा (एसपी) का उम्मीदवार इसी वजह से हारा था। इसके बाद राज्य चुनाव आयोग ने पिपानी चिन्ह पर पाबंदी लगाई थी। लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ने अब साफ किया है कि विधानसभा चुनाव में पिपानी चिन्ह पर पाबंदी नहीं रहेगी। ईवीएम मशीन पर तुतारी चिन्ह अब बड़े आकार में दिखेगा।

Created On :   15 Oct 2024 4:53 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story