- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कश्मीर में अटके 183 लोगों को लेकर...
Mumbai News: कश्मीर में अटके 183 लोगों को लेकर दो विमान मुंबई पहुंचे, लोगों ने ली राहत की सांस

- उद्धव गुट ने शिंदे के श्रीनगर दौरे पर उठाए सवाल
- बयान में कहा श्रेयवाद के लिए कवायद
Mumbai News. पहलगाम हमले के बाद जम्मू कश्मीर में अटके 183 लोगों को लेकर दो विमान गुरुवार शाम मुंबई पहुंच गए। मुंबई पहुंचने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जम्मू कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में फंसे हुए लोगों को वापस लाने का काम शुरू हो गया है। फडणवीस ने गुरुवार सुबह 100 लोगों की सूची जारी करते हुए कहा कि सरकार सभी लोगों को वापस लाने के इंतजाम में लगी हुई है। इस बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के श्रीनगर दौरे पर सवाल उठाते हुए शिवसेना (उद्धव) ने कहा है कि जब राज्य सरकार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में फंसे लोगों को लाने के इंतजाम में लगी हुई है तो फिर शिंदे को वहां जाने की क्या जरूरत थी। क्या यह सब श्रेयवाद के लिए तो नहीं हो रहा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर जानकारी शेयर करते हुए लिखा कि कश्मीर से महाराष्ट्र के नागरिकों को वापस लाने के लिए दो विमान की व्यवस्था हुई है। पहले विमान में 100 पर्यटकों को मुंबई वापस लाया जाएगा। इसके अलावा 83 पर्यटकों को दूसरा विमान लेकर पहुंचेगा। आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन श्रीनगर में लोगों को वापस लाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। जबकि केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल इस उपक्रम में सरकार की मदद कर रहे हैं। जिन विशेष विमानों से पर्यटकों को वापस महाराष्ट्र लाया जा रहा है, उसका खर्च राज्य सरकार उठा रही है।
इस बीच बुधवार देर रात उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विशेष सहयोग से 50 से ज्यादा पर्यटकों को लेकर एक विशेष विमान मुंबई पहुंचा। यह सभी लोग ट्रेन से जम्मू कश्मीर घूमने के लिए गए थे। लेकिन वहां आतंकी हमले के बाद अटक गए थे। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने इन सभी नागरिकों के लिए निजी तौर पर विमान की सुविधा उपलब्ध कराई, जिसके बाद ये सभी पर्यटक वापस मुंबई लौट आए।
इस बीच शिंदे के श्रीनगर दौरे पर सवाल उठाते हुए शिवसेना (उद्धव) सांसद एवं प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि राज्य सरकार कश्मीर में फंसे हुए सभी लोगों को लाने के लिए सरकारी सुविधा उपलब्ध करा रही है तो फिर श्रेयवाद की लड़ाई के लिए एकनाथ शिंदे श्रीनगर क्यों गए? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जब गिरीश महाजन को व्यवस्था बनाने के लिए भेज दिया था तो उसके बाद शिंदे गुट को लगा कि उन्हें इस काम का श्रेय नहीं मिल पाएगा। इसलिए शिंदे भी चार्टर फ्लाइट लेकर श्रीनगर पहुंच गए।
उद्धव गुट द्वारा सवाल उठाए जाने पर जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य पर जब भी कोई आफत आती है तो वह सबसे पहले मदद के लिए दौड़ कर जाते हैं। जबकि कुछ लोगों का काम सिर्फ बयानबाजी करना होता है। शिंदे ने कहा कि जब भी राज्य के लोगों पर कोई संकट आता है तो मैं और मेरी पार्टी उनकी मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में फंसे हुए एक-एक व्यक्ति को जब तक वह वापस महाराष्ट्र नहीं लेकर आ जाते, तब तक वह चैन से नहीं बैठने वाले हैं।
Created On :   24 April 2025 9:35 PM IST