- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- छत्रपति शिवाजी महाराज पर्यटन सर्किट...
New Delhi News: छत्रपति शिवाजी महाराज पर्यटन सर्किट बनाने पर विचार करेगा केंद्र, सीएसटी के सामने प्रतिमा बनाने की मांग
![छत्रपति शिवाजी महाराज पर्यटन सर्किट बनाने पर विचार करेगा केंद्र, सीएसटी के सामने प्रतिमा बनाने की मांग छत्रपति शिवाजी महाराज पर्यटन सर्किट बनाने पर विचार करेगा केंद्र, सीएसटी के सामने प्रतिमा बनाने की मांग](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/10/1402231-1.webp)
- केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने सांसद श्रीकांत शिंदे को दिया आश्वासन
- सीएसटी के सामने बने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा : अरविंद सावंत
New Delhi News. केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज पर्यटन सर्किट’बनाने की अवधारणा पर विचार करने का आश्वासन दिया है। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को लोकसभा में शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के एक मौखिक सवाल के जवाब में यह आश्वासन दिया। शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में सरकार ने पुणे में शिव श्रुति ऐतिहासिक थीम पार्क को मंजूरी दी। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये तथा केन्द्र सरकार ने 76 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। सिंधुदुर्ग किले में पानी के अंदर संग्रहालय के लिए 46 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि भारतीय नौसेना का ध्वज छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरणा से बनाया गया था। सरकार ने विश्व धरोहर समिति को महाराष्ट्र और तमिलनाडु के किलों की एक समेकित सूची सौंपी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इससे भविष्य में देश में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। सांसद डॉ. शिंदे ने केंद्रीय मंत्री से छत्रपति संभाजी नगर में हेरिटेज कॉरिडोर के संरक्षण और सौंदर्यीकरण, कोयना नगर उद्यान विकास और कोयना बैकवाटर विकास के लिए 132 करोड़ रुपए के मास्टर प्लान के प्रस्तावों को की स्थिति के बारे में भी सवाल किया। जिसके जवाब में शेखावत ने बताया कि कि पर्यटन के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों को शीघ्र ही मंजूरी दी जाएगी
सीएसटी के सामने बने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा : अरविंद सावंत
शिवसेना (उद्धव) सांसद अरविंद सावंत ने मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसटी) के सामने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती से पहले सरकार छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगाने की घोषणा करे। अरविंद सावंत ने सोमवार को लोकसभा में शून्य काल के दौरान यह मांग उठाई। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के सभी किलों को स्वदेश दर्शन योजना में शामिल करने की मांग भी की। शिवसेना सांसद ने कहा कि इस देश में अगर स्वराज्य का मंत्र किसी ने दिया है तो वह छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। ‘हिंदवी स्वराज्य’ का नाम भी सबसे पहले उनके मुख से ही निकला। बता दें कि रेलवे बोर्ड इसे विरासत भवन बताते हुए अब तक सीएसटी के सामने छत्रपति की प्रतिमा लगाने से मना करता रहा है, लेकिन शिवसेना सांसद का तर्क है कि यह प्रतिमा इमारत के बाहर लगनी है, इससे इमारत को कोई नुकसान नहीं होने वाला। उन्होंने केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग है कि शिवाजी जयंती के पहले इस पर ठोस निर्णय लिया जाए।
Created On :   10 Feb 2025 8:51 PM IST