Mumbai News: मुंबई में होने वाला वेव्स समिट मनोरंजन क्षेत्र में निवेश के लिए दावोस साबित होगा- शिंदे

मुंबई में होने वाला वेव्स समिट मनोरंजन क्षेत्र में निवेश के लिए दावोस साबित होगा- शिंदे
  • उपमुख्यमंत्री ने समिट की तैयारियों का लिया जाएजा
  • मनोरंजन क्षेत्र में निवेश के लिए दावोस साबित होगा वेव्स समिट

Mumbai News. मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में जियो वर्ल्ड सेंटर में 1 से 4 मई 2025 तक 'विश्व ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (वेव्स)' का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन 1 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस समिट की तैयारियों का बीकेसी में जाएजा लिया। इस मौके पर शिंदे ने कहा कि वेव्स 2025 का मुंबई में आयोजन महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है। यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर मनोरंजन क्षेत्र में निवेश के लिए 'दावोस' की तरह महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे पहले उद्योग मंत्री उदय सामंत ने सोमवार को कहा था कि मुंबई को विशेष रूप से हिंदी फिल्म उद्योग के घर के रूप में जाना जाता है। भारतीय सिनेमा के पितामह दादा साहब फाल्के ने मराठी फिल्मों की शुरुआत महाराष्ट्र में की थी। इसलिए मनोरंजन के क्षेत्र में मुंबई देश का अग्रणी शहर रहा है। उन्होंने कहा था कि पिछले तीन वर्षों में महाराष्ट्र विदेशी निवेश के मामले में नंबर एक पर रहा है। महाराष्ट्र पर्यटन के मामले में भी राष्ट्रीय स्तर पर अन्य देशों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है।

केंद्र सरकार ने मुंबई शहर को इस समिट के लिए इसलिए चुना है ताकि महाराष्ट्र की सांस्कृतिक, उद्योग और पर्यटन संस्कृति और इसकी कुछ परंपराओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा दिया जा सके। सामंत ने कहा था कि इस कार्यक्रम में 33 देशों के मंत्री और मंत्री स्तर के अधिकारी तथा 120 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड, टॉलीवुड और मराठी फिल्म उद्योग के कई दिग्गज अभिनेता और निर्माता भी भाग लेंगे। इस चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान भारत मंडप, महाराष्ट्र मंडप, तेलंगाना मंडप के साथ-साथ अन्य संगठनों के मंडप भी स्थापित किए जाएंगे। इस समिट के तीसरे दिन यानि 3 मई को नवी मुंबई में डीवाई पाटील स्टेडियम में एआर रहमान का संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Created On :   29 April 2025 9:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story