- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- प्रोफेशनल टैक्स वसूली स्थानीय...
Mumbai News: प्रोफेशनल टैक्स वसूली स्थानीय निकायों को देना चाहती है सरकार

- गुजरात के पैटर्न का अध्ययन करने समिति का गठन
- प्रोफेशनल टैक्स वसूली स्थानीय निकायों को देना चाहती है सरकार
Mumbai News. प्रदेश की महायुति सरकार प्रोफेशनल टैक्स (व्यवसाय कर) वसूली का अधिकार हस्तांतरित करके स्थानीय निकायों को देना चाहती है। राज्य सरकार ने इस बारे में गुजरात पैटर्न का अध्ययन करने के लिए समिति का गठन किया है। राज्य कर विभाग के अतिरिक्त आयुक्त की अध्यक्षता में समिति बनाई गई है। सोमवार को राज्य के वित्त विभाग ने इस बारे में शासनादेश जारी किया है। इसके मुताबिक प्रोफेशनल टैक्स को राज्य सरकार से स्थानीय निकायों को हस्तांतरित करने के लिए गुजरात की प्रणाली का अध्ययन करेगी। प्रोफेशनल टैक्स भरने के लिए एप और अन्य तकनीकी व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल करनी होगी। इस समिति को 20 दिनों में सिफारिशों के साथ रिपोर्ट पेश करना होगा। सरकार की ओर से वेतनभोगी, व्यापार और स्वरोजगार करने वाले व्यक्तियों पर प्रोफेशनल टैक्स लागू किया जाता है। प्रोफेशनल टैक्स का प्रशासन और संकलन वस्तु और सेवा कर विभाग की ओर से किया जाता है। लेकिन सरकार का कहना है कि राज्य में बढ़ते शहरीकरण के कारण स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी बढ़ रही है। इससे स्थानीय निकायों के सीमत राजस्व स्त्रोत बढ़ाने की आवश्यकता है।
स्थानीय निकायों का अतिरिक्त स्त्रोत मिलने पर विकास कामों के लिए ज्यादा निधि मिल सकती है। स्थानीय प्रशासन अधिक सक्षम होगा। स्थानीय निकायों का व्यापारियों से सीधे संबंध होने के कारण टैक्स संकलन अधिक प्रभावी रूप से किया जा सकेगा। इसके मद्देनजर चौथे और पांचवें राज्य वित्त आयोग ने प्रोफेशनल टैक्स वसूली स्थानीय निकायों को हस्तांतरित करने के बारे में सिफारिश की है। गुजरात, तमिलनाडू और केरल जैसे राज्यों ने प्रोफेशनल टैक्स वसूली की जिम्मेदारी स्थानीय निकायों को दिया है। इसके मद्देनजर सरकार ने गुजरात में लागू व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए समिति का गठन किया है।
Created On :   28 April 2025 10:20 PM IST