Mumbai News: विक्रम बराड़ है बाबा की हत्या का मास्टरमाइंड, आरोपी 21 तक पुलिस कस्टडी में

विक्रम बराड़ है बाबा की हत्या का मास्टरमाइंड,  आरोपी 21 तक पुलिस कस्टडी में
  • राकांपा (अजित) नेता सिद्दीकी के मर्डर का मामला
  • शिव कुमार सहित 3 आरोपियों की तलाश जारी
  • लोणकर बंधु शूटरों के हैंडलर व साजिशकर्ता

Mumbai News मुंबई के बांद्रा (पूर्व) में शनिवार रात राकांपा (अजित) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच सूत्रों के मुताबिक प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री की हत्या का मास्टरमाइंड जेल में बंद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई का विश्वस्त विक्रम बराड़ है। पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पण कर भारत लाया गया बराड़ पंजाब के पटियाला जेल में बंद है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी विक्रम की अहम भूमिका थी।

सिद्दीकी की हत्या के 6 आरोपियों में शुमार मोहम्मद जीशान अख्तर उर्फ यासीन अख्तर का बॉस बराड़ है। जीशान पिछले कई साल से बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा है। बराड़ ने ही बाबा की हत्या की साजिश रची थी। सूत्रों के मुताबिक जीशान ही शूटरों शिव कुमार गौतम, धर्मराज कश्यप और गुरमेल सिंह को वारदात के दौरान दिशा निर्देश दे रहा था। शुभम लोणकर और उसका भाई प्रवीण शूटरों के हैंडलर होने के साथ साजिश में शामिल हैं। इनमें से कश्यप और प्रवीण को किला कोर्ट ने 21 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा है। गुरमेल को रविवार को अदालत ने पुलिस हिरासत में दिया था। जीशान, शिव कुमार और शुभम अभी भी फरार हैं। उक्त तीनों आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।

पिता की बेइज्जती का बदला लेने अपराधी बना : सूत्रों के अनुसार जीशान अख्तर पंजाब के जालंधर का रहने वाला है। उत्तर प्रदेश के बिजनौर के मदरसे से उसने पढ़ाई की है। वह अरबी, फारसी और उर्दू भाषा जानता है। पिता की बेइज्जती का बदला लेने के चक्कर में वह अपराधी बन गया। सोशल मीडिया के जरिए वह बराड़ के संपर्क में आया। विक्रम के इशारे पर ही उसने पंजाब के तरनतारन में सौरभ महाकाल के साथ पहली हत्या की। महाकाल वही शख्स है, जिसने सलमान के पिता सलीम खान को धमकी भरा पत्र भेजा था।

हत्या-डकैती के 9 मामलों में वांछित : हत्या व डकैती के 9 मामलों में जीशान वांछित है। एक मामले में वह 2022 में पटियाला जेल में बंद था, जहां उसकी मुलाकात गुरमेल से हुई। जुलाई, 2024 में जेल से छूटने के बाद वह कैथल गया, जहां बराड़ के गुर्गे मिले और उनसे 50 हजार रुपए लेकर मुंबई आ गया।

जीशान के गिरोह में 25 शूटर : पुलिस सूत्रों के मुताबिक जीशान अख्तर भले ही बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है। लेकिन उसका खुद का गिरोह है, जिसमें 25 शूटर हैं। जीशान ने सिद्दीकी की हत्या की साजिश में शिव कुमार को अहम जिम्मेदारी दी थी। बाबा पर निशाना धर्मराज और गुरमेल को साधना था। लेकिन शिव कुमार ने ही राकांपा नेता पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।


Created On :   15 Oct 2024 5:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story