- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- विधानसभा चुनाव में हार की पटोले ने...
Mumbai News: विधानसभा चुनाव में हार की पटोले ने ली थी जिम्मेदारी, वडेट्टीवार बने विधायक दल के नेता

- सपकाल को राहुल गांधी का माना जाता है करीबी
- हर्षवर्धन सपकाल बने महाराष्ट्र कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष
Mumbai News. महाराष्ट्र कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही कशमकश खत्म हो गई है। कांग्रेस आलाकमान ने बुलढाणा जिले से पार्टी के पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाल को नए प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद अपना इस्तीफा आलाकमान को भेज दिया था। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने राज्य के सभी दलों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 13 सीटें जीती थीं। हालांकि कुछ ही महीनों के बाद हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। पटोले ने इस हार की जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस आलाकमान को प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की बात कही थी। हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें अगले किसी भी आदेश तक प्रदेश अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए कहा था।
वडेट्टीवार बने विस में विधायक दल के नेता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक विजय वडेट्टीवार को पार्टी ने विधानसभा में विधायक दल का नेता नियुक्त किया है। विधायक दल के नेता को लेकर भी पिछले दो महीने से पार्टी ने कोई फैसला नहीं लिया था। आखिरकार पार्टी आलाकमान ने वडेट्टीवार के नाम पर मुहर लगा दी। वडेट्टीवार पिछली सरकार में विधानसभा में विपक्ष का नेता भी रह चुके हैं। हर्षवर्धन सपकाल की गिनती भले ही पार्टी के बड़े नेताओं में नहीं होती हो लेकिन वह दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को विश्वास दिलाने में कामयाब रहे कि वो प्रदेश में कांग्रेस की नैया पार लगा सकते हैं। उन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। इसके साथ ही विधायक विजय वडेट्टीवार को विधानसभा में विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है।
कौन हैं हर्षवर्धन सपकाल?
हर्षवर्धन सपकाल बुलढाणा जिले से पार्टी का मराठा के तौर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह एक बार विधायक भी रह चुके हैं। हर्षवर्धन ने कई वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर काम किया है। सपकाल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। जब राहुल गांधी पार्टी के उपाध्यक्ष थे तब उन्हें गांधी ने उनके द्वारा गठित कार्य समूह में सदस्य के रूप में नियुक्त किया था। उन्होंने राजीव गांधी पंचायत राज्य संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। हर्षवर्धन उत्तराखंड और पंजाब समेत कई राज्यों के चुनाव में अहम भूमिका निभा चुके हैं। हर्षवर्धन सपकाल उस समय चर्चा में आए थे जब साल 2017 में राज्य के बजट सत्र के दौरान महाराष्ट्र के तत्कालीन वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार के भाषण के दौरान हंगामा करने और विधानसभा के बाहर बजट की प्रतियां जलाई थीं। जिसके चलते हर्षवर्धन सहित 18 विधायकों को बजट सत्र के दौरान निलंबित कर दिया था। हालांकि 3 सप्ताह बाद उनका निलंबन हटा लिया गया था।
Created On :   13 Feb 2025 8:48 PM IST