- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अचानक सदन में प्रस्ताव लाने से...
Mumbai News: अचानक सदन में प्रस्ताव लाने से विपक्ष हुआ भौचक्का, जमकर किया हंगामा

- विप की उपसभापति गोर्हे पर विश्वास लाने को लेकर विपक्ष का जमकर हंगामा
- नाराज विपक्ष ने अब सभापति राम शिंदे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने दिया नोटिस
- विपक्ष ने सदन से किया बर्हिगमन
Mumbai News. विधान परिषद में उपसभापति नीलम गोर्हे पर विश्वास प्रस्ताव पेश किए जाने को लेकर सदन में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। हालांकि सदन में उपसभापति पर विश्वास प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया। इसके पहले मंगलवार को उपसभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने संबंधित विपक्ष की नोटिस खारिज हो गई थी। जिसके बाद बुधवार को सदन में भाजपा के सदस्य प्रवीण दरेकर ने गोर्हे पर विश्वास प्रस्ताव पेश किया। सदन में गोर्हे पर विश्वास प्रस्ताव मंजूर किए जाने के खिलाफ विपक्ष के सदस्यों ने वेल में आकर लगभग एक घंटे तक नारेबाजी की। इस हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो बार के लिए स्थगित हुई। सत्तारूढ़ दल भाजपा की ओर से अचानक प्रस्ताव लाने से विपक्ष भौचक्का रह गया। शिवसेना (उद्धव) के सदस्य अनिल परब ने सदन में विश्वास प्रस्ताव पर बोलने की अनुमति मांगी। इस बीच सभापति राम शिंदे ने ध्वनि से प्रस्ताव पारित होने की घोषणा की। इससे नाराज परब ने कहा कि सदन में विपक्ष को बोलने की अनुमति दिए बिना प्रस्ताव को मंजूर कर लिया गया। हम सदन में आखिर क्यों आते हैं? इसके जवाब में भाजपा सदस्य दरेकर ने कहा कि परब सभापति को चुनौती कैसे दे सकते हैं। इस बीच विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित की गई। सदन का कामकाज शुरू होने के बाद विपक्ष के सदस्य वेल में आकर हंगामा करने लगे। लेकिन सदन की तालिका सभापति चित्रा वाघ ने सदन की कार्यवाही जारी रखी। इससे विपक्ष के सदस्य लगभग एक घंटे तक वेल में हंगामा करते रहे। इस कारण सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगति हुई। फिर से सदन का कामकाज शुरू होने पर कांग्रेस सदस्य भाई जगपात ने कहा कि विपक्ष के सदस्य एक घंटे से भी अधिक समय से घंटे हैं। सदन में बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान विपक्ष के सदस्यों ने तालिका सभापति पर गंभीर आरोप लगाते हुए सदन से बर्हिगमन कर दिया।
पीठासीन अधिकारी हैं या फिर भाजपा के पदाधिकारी - दानवे
इस दौरान विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने तालिका सभापति चित्रा वाघ पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सदन में विपक्ष के सदस्य एक घंटे से नारेबाजी कर रहे हैं। लेकिन आप (चित्रा) ने विपक्ष के सदस्यों की ओर देखा तक नहीं। आप पीठासीन अधिकारी हैं या फिर भाजपा के पदाधिकारी हैं। सदन में विपक्ष के सदस्यों को बोलने नहीं दिया जा रहा है। दानवे ने कहा कि बजट सत्र में सदन में केवल सत्तापक्ष के सदस्यों का ध्यानाकर्षण प्रस्ताव मंजूर हो रहा है।
सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने नोटिस
विधान परिषद में विपक्ष ने सभापति राम शिंदे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल करने के लिए नोटिस दिया है। इस संबंध में सदन में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने सभापति कार्यालय को पत्र दिया है। दानवे ने कहा कि गुरुवार को विपक्ष के सदस्य काला फीता बांधकर सदन के कामकाज में हिस्सा लेंगे। यदि सदन में उपसभापति गोर्हे पीठासीन अधिकारी के रूप में आसन पर बैठेंगी तो विपक्ष कामकाज का बहिष्कार करेगा।
मैं तो डेरी मिल्क चॉकलेट देने को तैयार हूं - मुख्यमंत्री
सदन में मुख्यमंत्री ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर जवाब दे रहे थे। उसी दौरान विपक्ष के सदस्य मुख्यमंत्री के सामने आकर हंगामा कर रहे थे। विपक्ष के सदस्यों ने कहा कि अंदर की बात है सत्तारूढ़ दल के दो सदस्य हमारे साथ में हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अंदर की बात है कि आप सभी लोग मेरे साथ में हैं। फडणवीस ने तालिका सभापति से कहा कि आप विपक्ष के सदस्यों को अपने कैबिन में बुलाकर चायपान कराइए। मैं तो हंगामा करने वाले सदस्यों को डेरी मिल्क चॉकलेट देने को तैयार हूं। लेकिन ये लोग शांत नहीं हो रहे हैं।
Created On :   19 March 2025 9:34 PM IST