- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- आठ अधिकारियों के हुए तबादले,...
Mumbai News: आठ अधिकारियों के हुए तबादले, गोंदिया में नवेगांव बांध और भंडारा के चांदपुर पर्यटक आवास का हुआ उद्घाटन

- आठ अधिकारियों के तबादले
- भाजपा का 10 जनवरी से सदस्य पंजीकरण घर चलो अभियान
Mumbai News : राज्य सरकार ने मंगलवार को आठ अधिकारियों के दबादले कर दिए हैं। अब तक मत्यपालन विभाग में आयुक्त पद पर तैनात अतुल पाटणे का तबादला अब इसी पद पर पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामला विभाग में कर दिया गया है। अब तक लेखा व राजकोष विभाग में प्रमुख सचिव रहीं रिचा बागला को वित्त विभाग में इसी पद पर भेजा गया है। अंशु सिन्हा को प्रमुख सचिव (कपड़ा), को-आपरेशन, मार्केटिंग व कपड़ा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एन नवीन सोना को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का प्रमुख सचिव बनाया गया है। वे अब तक सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग में इसी पद पर तैनात थे। डॉ रामास्वामी एन को कृषि व पशुपालन विभाग का सचिव बनाया गया है वे अब तक लेखा व राजकोष विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वीरेंद्र सिंह सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग में सचिव के पद पर तैनात किया गया है वे अब तक सचिव (कपड़ा), को-आपरेशन, मार्केटिंग व कपड़ा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। प्रदीप पी को महाराष्ट्र मेरीटाइम बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है जबकि अब तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे माणिक गुरसल को नासिक महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण का महानगर आयुक्त बनाया गया है।
भाजपा का 10 जनवरी से सदस्य पंजीकरण 'घर चलो अभियान'
डेढ़ करोड़ प्राथमिक सदस्य पंजीकरण का लक्ष्य पूरा करने के उद्देश्य से प्रदेश भाजपा 10 जनवरी से 'घर चलो अभियान' शुरू करने जा रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को कहा कि पार्टी के सभी मंत्री, नेता, सांसद, विधायक इस अभियान में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि 5 जनवरी को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत सभी प्रमुख नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी बूथ स्तर पर गये थे और इस अभियान में शामिल हुए थे। अब 10 जनवरी को पार्टी के सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर कम से कम 40-50 घरों में जाकर प्राथमिक सदस्यों का पंजीकरण करेंगे।
गोंदिया में नवेगांव बांध और भंडारा के चांदपुर पर्यटक आवास का हुआ उद्घाटन
विदर्भ के गोंदिया में नवेगांव बांध और भंडारा के चांदपुर पर्यटक आवास का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मंगलवार को मंत्रालय में किया। फडणवीस ने कहा कि इन दोनों पर्यटन केंद्रों के शुरू होने से राज्य में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा। नवेगांव बांध एक पर्यटन स्थल है जो गोंदिया से 65 किमी दूर है और जहां एक राष्ट्रीय पक्षी उद्यान भी है। उन्होंने कहा कि यहां की झीलें और वन क्षेत्र पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होते हैं। साइबेरिया जैसे दूर-दराज से पक्षी हर साल कुछ खास मौसमों के दौरान यहां आते हैं। चांदपुर पर्यटक आवास के बनने से पर्यटक इसका फायदा उठा सकेंगे। पर्यटकों को यहां सस्ती दरों पर आवास की सुविधा मिलेगी। इन दोनों केंद्रों का निर्माण महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम ने किया है। इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार एवं पर्यटन मंत्री शंभुराज देसाई भी मौजूद रहे।
Created On :   7 Jan 2025 10:36 PM IST