- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- धीरेंद्र शास्त्री ने कहा - औरंगजेब...
Mumbai News: धीरेंद्र शास्त्री ने कहा - औरंगजेब नहीं इस देश के हीरो हैं छत्रपति शिवाजी महाराज

- दैनिक भास्कर से खास बातचीत में बोले बागेश्वर धाम के प्रमुख
- औरंगजेब नहीं इस देश के हीरो हैं छत्रपति शिवाजी महाराज
Mumbai News. सोमदत्त शर्मा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कराने की संकल्पना के साथ चल रहे हैं। शास्त्री आजकल मुंबई से सटे भिवंडी में भागवत कथा कर रहे हैं। जिसमें हजारों की संख्या में भक्त कथा का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। भिवंडी में ही श्री बागेश्वर बालाजी सनातन मठ की प्राण प्रतिष्ठा 14 अप्रैल को होने जा रही है। आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने दैनिक भास्कर से बातचीत में औरंगजेब से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सनातन धर्म से लेकर वक्फ संशोधन विधेयक पर खास बातचीत की।
शास्त्री जी महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर जोरदार राजनीति चल रही है, इस पर आपकी क्या राय है?
देखिए, देश को जोड़ने वाला महान होता है, तोड़ने वाला नहीं। औरंगजेब ने महाराष्ट्र समेत हमारे देश के कई राज्यों पर बहुत जुल्म ढाए थे। इसलिए औरंगजेब कभी भी किसी का हीरो या महान व्यक्ति नहीं हो सकता है। अगर कोई महान है तो वह छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। जिन्होंने औरंगजेब को उसकी असली जगह दिखाई थी। जो लोग औरंगजेब को हीरो मानते हैं, उनका इलाज जरूरी है।
औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग हो रही है, क्या ये सही है?
अगर इस देश में उस समय भी औरंगजेब की कब्र है, जब सनातन की धारा बह रही है। तो मेरा मानना है कि देश को तोड़ने वाले औरंगजेब का नामो निशान ही मिटा देना चाहिए। कुछ लोग उसके अच्छे कामों को गिना रहे हैं, लेकिन उसने हजारों लोगों के साथ जो जुल्म किया उन्हें याद नहीं। इसलिए जिन्हें लगता है और जिनको उसकी कब्र से प्यार है, उसकी कब्र को उन लोगों को अपने मकान की छत पर बना लेना चाहिए। भले ही औरंगजेब को इतिहास से मिटाया नहीं जा सकता लेकिन इतिहास में सुधार किया जा सकता है।
आपके हिंदू राष्ट्र के संकल्प की स्थिति क्या है?
भारत को हिंदू राष्ट्र के संकल्प को लेकर हमारी यात्रा लगातार जारी है। भारत में हिंदू और सनातन विरोधी मानसिकता वाले जितने भी लोग हैं, वे स्वाभाविक रूप से भारत के विरोधी हैं। जल्द ही हम भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए एक पदयात्रा का आयोजन करने जा रहे हैं। इस साल के आखिर में यह पदयात्रा मथुरा तक निकाली जाएगी।
प्रधानमंत्री ने बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल का शिलान्यास किया, इसे बनाने की प्रेरणा कहां से मिली?
पिछले काफी समय से हमने देखा है कि बुंदेलखंड में कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है लेकिन वहां पर कोई ऐसा अस्पताल नहीं था जहां मरीजों का इलाज हो सके। हमारे रोगियों को दिल्ली या फिर मुंबई इलाज के लिए जाना पड़ता था। हमने सोचा कि दुआ से काम चल रहा है लेकिन दवा की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमें सपोर्ट कर रहे हैं और अपना योगदान दे रहे हैं। अगले 2 साल में यह अस्पताल पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।
वक्फ संशोधन विधेयक संसद से पास हो गया है, क्या यह जरूरी था?
हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा है कि देश में सभी को एक समान अधिकार मिलने चाहिए। देश संविधान से ही चलेगा। सनातन धर्म की संस्कृति देश को विश्व गुरु बनाएगी। पाकिस्तान में सबसे ज्यादा मुसलमान हैं और हिंदू अल्पसंख्यक हैं, लेकिन वहां कोई वक्फ बोर्ड नहीं है। तो फिर हमारे देश में मुसलमानों को माइनॉरिटी में होते हुए भी वक्फ बोर्ड की जरूरत क्यों है? पाकिस्तान में भले ही हिंदू सुरक्षित नहीं हों लेकिन भारत में हर मुसलमान सुरक्षित है।
Created On :   11 April 2025 4:00 AM IST