- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अवैध निर्माण - नक्शा बदलकर एनडी जोन...
Mumbai News: अवैध निर्माण - नक्शा बदलकर एनडी जोन में बना दिए 363 बंगले, क्राइम ब्रांच ने कहा - 207 बंगले तोड़े

Mumbai News दिवाकर सिंह। मालाड (पश्चिम) के मढ में अवैध रूप से बनाए गए 363 बंगलों पर गाज गिर सकती है। मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुंबई मनपा को 207 बंगले तोड़ने को कहा है। बीएमसी का कहना है कि अभी सर्वे किया जा रहा है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद ही कार्रवाई शुरू होगी। क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि बाकी बंगलों की भी जांच की जा रही है। यह मामला मढ के एरंगल गांव का है। यह पूरा क्षेत्र कोस्टल रेगुलेशन जोन (सीआरजेड) और नो डेवलपमेंट क्षेत्र (एनडी) में आता है। अधिकारियों की मिलीभगत में यहां का नक्शा बदल दिया गया। जमीन के कागजात में फर्जीवाड़ा कर 363 बंगले बनाए गए। इस मामले में सिटी सर्वे और लैंड रिकॉर्ड विभाग के अधिकारियों समेत 14 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस क्षेत्र में बीएमसी ने केवल एक बंगला तोड़ा है। इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है। जांच टीम में क्राइम ब्रांच की यूनिट 8, यूनिट 7, यूनिट 2 और प्रॉपर्टी सेल शामिल हैं। इस मामले में 4 प्राथमिकी दर्ज हुई थीं। 165 बंगलों की जांच कर चुकी यूनिट 8 ने अदालत में आरोपपत्र दायर कर दिया है। सह-पुलिस आयुक्त लखमी गौतम (क्राइम ब्रांच) ने बताया कि हमने बीएमसी को 207 बंगले तोड़ने की सलाह दी है। हमारी जांच अब भी चल रही है।
पापलेट मछली पकड़ने वाले दो नावों पर कार्रवाई
उधर वसई- उत्तन क्षेत्र में न्यूनतम कानूनी आकार से छोटे आकार की चंदेरी पापलेट मछली पकड़ने के मामले में दो नांव चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। महाराष्ट्र समुद्री मछली पकड़ने के अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। राज्य के मत्स्य व्यवसाय विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई है। पापलेट के उत्पादन वाले पालघर में निगरानी के लिए वर्ग- 1 और वर्ग- 2 के अधिकारियों का दस्ता तैनात किया गया है। इस दस्ते के माध्यम से छोटी मछली पकड़ने वाले नावों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
Created On :   9 April 2025 10:15 PM IST