- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कांग्रेस विधायक को पूर्व राष्ट्रपति...
Mumbai News: कांग्रेस विधायक को पूर्व राष्ट्रपति कलाम के नाम पर एतराज, डोंगरी आईटीआई के नामकरण का विरोध
- कौशल्य विकास मंत्री लोढा ने किया नाम बदलने से इंकार
- डोंगरी आईटीआई के नामकरण के विरोध में अमिन पटेल
- कांग्रेस विधायक को पूर्व राष्ट्रपति कलाम के नाम पर एतराज
Mumbai News. कांग्रेस विधायक अमीन पटेल द्वारा महानगर के डोंगरी स्थिति औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का नामकरण भारतरत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पर किए जाने के विरोध को सरकार ने खारिज कर दिया है। राज्य के कौशल्य विकास के मंत्री मंगल प्रभात लोढा ने स्पष्ट कर दिया है कि डॉ. कलाम का नाम किसी भी परिस्थिति में नहीं बदला जाएगा। लोढा ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पहली बार सरकार ने राज्य के सभी सरकारी औद्योगिक संस्थाओं को आधिकारिक नाम देने का फैसला किया गया है। इससे पहले, किसी भी आईटीआई का कोई आधिकारिक नाम नहीं था। डोंगरी के आईटीआई का नाम देश के पूर्व राष्ट्रपति कलाम के नाम किया गया है। पिछले दिनों जिला नियोजन समिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में स्थानीय विधायक अमिन पटेल ने डोंगरी के सरकारी औद्योगिक संस्थान का नामकरण पूर्व राष्ट्रपति कलाम की बजाय हाजी अब्दुल रहमान शाह बाबा दरगाह के नाम पर करने की मांग की थी।
मंत्री लोढ़ा ने कहा, "डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम न केवल भारत के पूर्व राष्ट्रपति थे, बल्कि देश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उनका योगदान अभूतपूर्व है। उनके नाम पर रखा गया कोई भी संस्था विज्ञान, प्रगति और राष्ट्र की सेवा का प्रतीक है। इसलिए डोंगरी में सरकारी औद्योगिक संस्था का नाम नहीं बदला जाएगा। लोढ़ा ने कहा, "इस संस्था के नाम में कोई बदलाव नहीं होगा, इसके बजाय, हम एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करेंगे और भारतरत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर एक आधिकारिक पट्टिका लगाएंगे। हम इस पर कोई समझौता नहीं करेंगे।
Created On :   6 Feb 2025 9:55 PM IST