- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- जल्द बदला जा सकता है कांग्रेस...
Mumbai News: जल्द बदला जा सकता है कांग्रेस विधायक दल का नेता, वडेट्टीवार की कुर्सी खतरे में !

- एक नेता दो पद की वजह से वडेट्टीवार की कुर्सी खतरे में !
- विधानसभा में विधायक दल का नेता बदलने की मांग ने जोर पकड़ लिया है
Mumbai News. सोमदत्त शर्मा। प्रदेश कांग्रेस के भीतर विधानसभा में विधायक दल का नेता बदलने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। दरअसल पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय वड्डेटीवार इस समय विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं। हाल ही में वडेट्टीवार को विधानमंडल की लोक लेखा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के "एक व्यक्ति-एक पद' नीति के चलते पार्टी के नेता वडेट्टीवार को विधायक दल नेता पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों अहमदाबाद में हुए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में कई नेताओं ने पार्टी आलाकमान के समक्ष एक पद, एक व्यक्ति का मामला उठाया था। खबर है कि पार्टी के दूसरे नेताओं को संतुष्ट करने के लिए वडेट्टीवार से विधायक दल के नेता का पद छीना जा सकता है। दरअसल साल 2022 में कांग्रेस के उदयपुर चिंतन शिविर में पार्टी को मजबूत करने के जो घोषणा पत्र तैयार किया गया था, उसमें एक व्यक्ति-एक पद नीति भी शामिल था। इसके बाद शिर्डी में हुए प्रदेश कांग्रेस के अधिवेशन के वक्त इस नीति का अनुशरण करते हुए दो-दो पदों पर विराजमान पार्टी के सैकड़ों नेताओं ने इस्तीफा दिया था। अब प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने एक व्यक्ति, एक पद की मांग फिर से दोहराई है। हाल ही में गुजरात में हुए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में महाराष्ट्र के कई नेताओं ने यह मुद्दा आलाकमान के सामने उठाया। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हमारी पार्टी में एक व्यक्ति, एक पद की नीति लागू है। एक ही व्यक्ति दो पदों पर नहीं रह सकता। हाल ही में वडेट्टीवार को विधानमंडल की लोक लेखा समिति का अध्यक्ष चुना गया है। इसलिए राज्य के ज्यादातर विधायकों की मांग है कि वडेट्टीवार को विधानसभा में विधायक दल के नेता के पद से हटाकर किसी और विधायक को यह जिम्मेदारी देनी चाहिए।
ये नेता हैं दावेदार?
सूत्रों का कहना है कि विधानसभा में विधायक दल का नेता बनने की दौड़ में पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन राऊत, नाना पटोले, विश्वजीत कदम और मुंबई से विधायक अमीन पटेल शामिल हैं। कुछ समय पहले जब मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ को लोकसभा का टिकट दिया गया था तो पार्टी के भीतर उन्हें मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने की मांग उठी थी। हालांकि पार्टी आलाकमान ने वर्षा पर ही भरोसा बनाए रखते हुए उन्हें मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष के साथ-साथ लोकसभा का भी टिकट दिया था।
Created On :   16 April 2025 8:47 PM IST