15वीं कृषि नेतृत्व पुरस्कार: समिति की ओर से महाराष्ट्र को मिला सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य का सम्मान

समिति की ओर से महाराष्ट्र को मिला सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य का सम्मान
  • कृषि क्षेत्र के विकास में उत्कृष्ट योगदान
  • महाराष्ट्र को मिला सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार
  • वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कृषि क्षेत्र के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए महाराष्ट्र को वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राज्य के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे ने यहां केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के हाथों यह पुरस्कार स्वीकार किया।

15वीं कृषि नेतृत्व पुरस्कार समिति की ओर से यहां आयोजित एक समारोह में महाराष्ट्र को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर 15वीं कृषि नेतृत्व समिति के अध्यक्ष देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश पी सदाशिवम, राज्य कृषि मूल्य आयोग के अध्यक्ष पाशा पटेल और एग्रीकल्चर टुडे समूह के अध्यक्ष डॉ एम जे खान उपस्थित थे।

पुरस्कार स्वीकार करने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र हमेशा हर क्रांति में सबसे आगे रहा है, चाहे वह औद्योगिक क्रांति हो, हरित क्रांति हो या श्वेत क्रांति हो। आज राज्य एक बार फिर हरित स्वर्ण क्रांति का नेतृत्व कर रहा है। एक किसान के बेटे के रुप में महाराष्ट्र के लाखों किसानों की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त करते हुए खुशी हो रही है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 15वीं कृषि नेतृत्व समिति की ओर से प्रदान किया गया यह पुरस्कार जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए बांस की खेती को बढावा देने के महाराष्ट्र के प्रयासों को मान्यता देता है। राज्य सरकार ने प्रदेश में करीब 10 लाख हेक्टेयर भूमि पर बांस की खेती करने का लिया गया क्रांतिकारी निर्णय प्रशंसनीय है।


Created On :   11 July 2024 1:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story