विधानसभा चुनाव: एकनाथ शिंदे ने बनाया सेंचुरी प्लान, बनाई चुनावी रणनीति, सोशल मीडिया पर जोर

एकनाथ शिंदे ने बनाया सेंचुरी प्लान, बनाई चुनावी रणनीति, सोशल मीडिया पर जोर
  • मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों के साथ बनाई चुनावी रणनीति
  • सोशल मीडिया पर जोर देने को कहा
  • बनाई चुनावी रणनीति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां चुनावी तैयारी में जुट गई हैं। महाविकास आघाडी और महायुति के सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बना रहे हैं। गुरुवार को राज्य के मुख्यमंत्री एवं शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी के सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। जिसमें शिंदे ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए 'सेंचुरी प्लान' बनाया है। खबर है कि शिंदे गुट महायुति में चुनाव लड़ने के लिए संयुक्त बैठक में 100 सीटों पर दावा करेगा। इसके लिए पार्टी ने सभी 100 सीटों पर चुनाव निरीक्षकों की नियुक्ति कर दी है। यह सभी निरीक्षक पार्टी उम्मीदवार से लेकर चुनाव की रणनीति पर काम करेंगे।

मुख्यमंत्री शिंदे के सरकारी आवास 'वर्षा' पर हुई बैठक करीब 4 घंटे तक चली, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव के साथ-साथ पार्टी का विस्तार करने को लेकर चर्चा हुई। शिवसेना (शिंदे) प्रवक्ता कृष्णा हेगडे ने 'दैनिक भास्कर' को बताया कि मुख्यमंत्री शिंदे ने पार्टी के सभी नेताओं और पदाधिकारियों को सरकार द्वारा घोषित की गईं लाडली बहन योजना, लाडला भाई, लेक लाडकी और किसानों को मिलने वाली फ्री बिजली की योजनाओं को जनता तक ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचाने को कहा है। इसके साथ ही बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि अगर दूसरी पार्टी से कोई नेता हमारी पार्टी में जुड़ना चाहता है तो उसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराना होगा। मुख्यमंत्री शिंदे ने पार्टी के सदस्यता अभियान को बढ़ाने पर भी तेजी लाने को कहा है।

हेगड़े ने कहा कि सभी विधायकों के साथ-साथ प्रमुख पदाधिकारियों को इस बात की भी जिम्मेदारी दी गई है कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल फेक नेगेटिव गढ़ने के लिए किया था। इसलिए पार्टी के नेताओं को सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा जोर देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिंदे ने मौजूदा विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्र बदलने के लिए तैयार रहने को कहा है। चुनावी समीकरण के दौरान अगर किसी मौजूदा विधायक का टिकट कटता है तो फिर उसे पार्टी के उम्मीदवार के लिए सहयोग करना होगा। पिछले विधानसभा चुनाव में शिवसेना (अविभाजित) ने मुंबई में 14 सीटें जीती थीं। सूत्रों का कहना है कि आगामी चुनाव में शिंदे गुट महायुति में 14 सीटों की मांग करेगा।

उद्धव गुट ने भी शुरू की चुनावी तैयारी

हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में सफलता मिलने के बाद उद्धव गुट ने भी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी हैं। तीन दिन पहले उद्धव ठाकरे ने पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की जिसमें मुंबई में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाए इसको लेकर चर्चा हुई। खबर है कि उद्धव गुट आगामी विधानसभा चुनाव में मुंबई की 36 सीटों में से 26 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहता है। हालांकि इसको लेकर फैसला महाविकास आघाडी की बैठक में ही होगा।

मंत्रिमंडल विस्तार पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री शिंदे के आवास पर हुई बैठक में राज्य में होने वाले संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। शिंदे गुट के एक विधायक ने बताया कि कुछ विधायकों ने मुख्यमंत्री शिंदे से राज्य में पिछले काफी दिनों से अटके मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा की। इन विधायकों ने कहा कि अगर विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होता है तो इससे विधायकों में नाराजगी बढ़ सकती है। जिसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है। शिंदे ने विधायकों को भरोसा दिया है कि जल्द ही राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।

Created On :   18 July 2024 4:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story