मुसीबत: नवी मुंबई में चार मंजिला इमारत ढही, तीन की मौत और दो बचाए गए

नवी मुंबई में चार मंजिला इमारत ढही, तीन की मौत और दो बचाए गए
  • दरार पड़ने के बाद 52 निवासियों को सुरक्षित निकाला
  • आवासीय इमारत में थे 13 कमरे, 3 दुकान

डिजिटल डेस्क ,मुंबई । सीबीडी बेलापुर के शाहबाज गांव में एक चार मंजिला इमारत ढह गई। यह आवासीय इमारत थी। जिसे दरार पड़ने के बाद खाली करा लिया गया था। इमारत शनिवार तड़के साढ़े चार बजे के करीब अचानक ढह गई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। यह इमारत अवैध तरीके से बनाई गई थी।

इमारत ढहने की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में ज्यादा लोगों की जान जा सकती थी, लेकिन सुबह इमारत में दरारें देखे जाने के बाद उसमें रहनेवाले 52 निवासियों को सुरक्षा के मद्देनजर स्थानांतरित करा लिया गया था। जैसे ही इमारत खाली कराई गई उसके कुछ ही देर बाद ढह गई। जिसमें तीन लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद मिराज अल्ताफ हुसैन (30), मिराज सैफ अंसारी (24) और शफीक अहमद रहमत अली अंसारी (28) के रूप में की गई है। शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

हादसे के कारणों की होगी जांच : नवी मुंबई महानगर पालिका (एनएमएमसी) के आयुक्त कैलाश शिंदे ने बताया कि आज तड़के चार मंजिला एक इमारत ढह गई, इमारत में 13 कमरे और तीन दुकानें थीं। इमारत ढहने के बाद सुबह करीब छह बजे मलबे से दो लोगों, लाल मोहम्मद (22) और रुखसाना (21) को सुरक्षित निकाल लिया गया। यह इमारत दस साल पुरानी थी। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जाना हालचाल : दिल्ली में नीति आयोग की बैठक में शामिल होने गए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों से फोन पर राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों को संभावित मदद करने का आदेश दिया। वहीं मलबे में लोगों को ढूंढने का कार्य कर रही एनडीआरएफ केएक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान में खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है।

तीन हजार अवैध इमारतें : नवी मुंबई मनपा क्षेत्र के अंतर्गत वर्ष 2016 के बाद 3 हजार अवैध इमारतें खड़ी होने की पुष्टि सिडको प्रशासन की ओर से की जा चुकी है, जबकि आरटीआई कार्यकर्ता राजीव मिश्रा के मुताबिक पूरी नवी मुंबई में लगभग 8 हजार अवैध इमारतें हैं।

Created On :   27 July 2024 2:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story