- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- कारागृह परिसर के तालाब में संवर्धन...
पहल: कारागृह परिसर के तालाब में संवर्धन शुरू, अब कैदी करेंगे मत्स्य पालन

- कौशल आधारित दिया जाएगा प्रशिक्षण
- कारागार परिसर के 4 तालाबाें का चयन
- 30 हजार मत्स्यबीज तालाब में छोड़े
डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली । कारागार के कैदियों को भविष्य में वित्तीय तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध हो, इसलिए उन्हें कौशल आधारित प्रशिक्षण देने के लिए जिला मध्यवर्ती कारागार प्रशासन प्रयासरत है। जिसके तहत कारागार परिसर के 4 तालाबाें को मत्स्य संवर्धन के लिए चयन किया गया है। जिससे अब जेल के कैदी मछली पालन करेंगे। कारागार के कैदियों के लिए मत्स्य पालन व्यवसाय उत्पादन तथा आय का साधन बन सकता है। इसके तहत विज्ञान व तकनीकीज्ञान संसाधन केंद्र (एस.टी.आर.सी.), गोंडवाना विश्वविद्यालय, गड़चिरोली तथा महाराष्ट्र पशु व मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय (माफसु), नागपुर के संयुक्त तत्वावधान में कारागार परिसर के 4 तालाबों का मत्स्य पालन के लिए चयन किया गया है।
तालाबों में बरसात के मौसम में मत्स्यबीज का संचयन करने की दृष्टि से हाल ही में महाराष्ट्र पशु व मत्स्य विज्ञान विश्व विद्यालय, नागपुर के कुलगुरु डा.नितीन पाटील ने गड़चिरोली के जिला मध्यवर्ती कारागार को भेट दी। इस दौरान कुलगुरु डा.पाटील के हाथों इंडियन मेजर कार्प मछलियों के फ्राय आकार के 30 हजार मत्स्यबीज तालाब में छोड़े गए। इस समय नागपुर (माफसु) शिक्षा संचालक डा.एस.वी.उपाध्ये, अधिष्ठाता डा.एस.डब्ल्यू.बोंडे, जेल प्राधिकरण गड़चिरोली के संचालक संजय त्रिपाठी, मत्स्य व्यवसय विभाग के सहायक आयुक्त समीर डोंगरे आदि उपस्थित थे।
प्रकल्प को मिलेगी सफलता: डा.पाटील : माफसु के कुलगुरु डा.नितीन पाटील ने कहा कि, मत्स्य व्यवसाय तथा पशुसंवर्धन यह उपयुक्त खेतीपूरक व्यवसाय है। किसान व्यापक उत्पादन के लिए एकात्मिक खेती करना आवश्यक है। उन्होंने कारागार विभाग के मार्फत किए गए कार्यों की प्रशंसा की। कैदियों के माध्यम से चलाए जा रहे इस प्रकल्प को निश्चित ही सफलता मिलने का विश्वास जताया।
बजरंग दल के सदस्यों ने बचाई गाय की जान : आरमोरी. अज्ञात वाहन की टक्कर में घायल हुई गाय दर्द से कर्रार रही थी। बजरंग दल के युवाओं ने समय पर गाय को उपचार हेतु पशुवैद्यकीय अस्पताल में दाखिल कर उपचार किया। युवाओं द्वारा दिए गए इस तत्परता से गाय को जीवनदान मिला। शहर के दत्त मंदिर चौक में यातायात के दौरान अज्ञात वाहन ने गाय को टक्कर मारी थी। घायल अवस्था में गाय सड़क पर ही पड़ी थी। इसकी जानकारी बजरंग दल के सदस्यों को मिली। आरमोरी के प्रखंडा संयोजक अमन गाहिरवार के नेतृत्व में बजरंग दल के युवाओं जमा होकर गाय काे उपचार हेतु पशुवैद्यकीय अस्पताल में दाखिल किया। समय पर उपचार मिलने से गाय की जान बच पाई। इसके लिए राजू जराते, शुभम इंकणे, महेश सातव, विवेक खापरे, पीयुष बांगरे, कुणाल भरणे, माणिक भोयर, शंकर बोरकर आदि समेत अन्य युवकों ने सहयोग किया।
Created On :   18 July 2024 1:27 PM IST