Gadchiroli News: गोंडवाना यूनिवर्सिटी को फिक्की का राष्ट्रीय पुरस्कार

गोंडवाना यूनिवर्सिटी को फिक्की का राष्ट्रीय पुरस्कार
  • एकल ग्रामसभा सक्षमीकरण प्रकल्प की सराहना
  • संस्थात्मक सामाजिक उत्तरदायित्व पुरस्कार प्रदान
  • तीन विश्व विद्यालयों के नामांकन पुरस्कार के लिए पेश किये गये

Gadchiroli News आदिवासी बहुल चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले के लिए पृथक रूप से गड़चिरोली में आरंभ किये गये गोंडवाना विश्व विद्यालय को शुक्रवार 18 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में फिक्की की ओर से संस्थात्मक सामाजिक उत्तरदायित्व नामक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

19 वें फिक्की हायर एजुकेशन समिट 2024 के कार्यक्रम में भारतीय मूल की ब्रिटिश सरकार की लिंडा कैमरून के हाथों यह पुरस्कार प्रदान किया गया। इस समारोह में विवि द्वारा आरंभ किये गये एकल ग्रामसभा सक्षमीकरण प्रकल्प की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना भी की गयी है। यहां बता दें कि, ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' (फिक्की) इस राष्ट्रीय संस्था की ओर से हर वर्ष विभिन्न क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों के साथ संस्थाओं और विश्व विद्यालयों को विभिन्न पुरस्कारों से नवाजा जाता है। इस वर्ष फिक्की संस्था ने संस्थात्मक सामाजिक उत्तरदायित्व इस प्रवर्ग से पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगवाये थे।

गोंडवाना विश्व विद्यालय द्वारा शुरू किये गये एकल ग्रामसभा सक्षमीकरण प्रकल्प का नामांकन इस पुरस्कार के लिए पेश किया गया था। फिक्की द्वारा देशभर के कुल 6 विश्व विद्यालयों से इस प्रवर्ग से आवेदन आमंत्रित किये थे। प्रक्रिया के लिए तीन विश्व विद्यालयों के नामांकन पुरस्कार के लिए पेश किये गये। इन तीनों नामांकनों में से गोंडवाना विश्व विद्यालय को इस वर्ष का संस्थात्मक सामाजिक उत्तरदायित्व पुरस्कार प्रदान किया गया। गोंडवाना विवि द्वारा चलाये जा रहे जहां गांव-वहां विश्व विद्यालय, एसटीआरसी प्रकल्प, सीआईआईआईटी प्रकल्प का भी फिक्की संस्था ने गौरव किया है।

गोंडवाना विश्व विद्यालय ने ग्रामसभाओं को सक्षम बनाने के लिए पेसा कानून, सामुहिक वन हक कानून, जैव विविधता कानून, वन प्रबंधन और सुरक्षा, गौन वनोपज के रिकार्ड और अंकेक्षण का प्रशिक्षण ग्रामसभाओं को दिया है। इस प्रकल्प के माध्यम से जिले की 235 ग्रामसभाओं को प्रशिक्षित किया गया है। विश्व विद्यालय की ओर से एकल ग्रामसभा प्रशिक्षण प्रकल्प के समन्वयक डा. नरेश मडावी और डा. मनीष उत्तरवार ने नई दिल्ली में फिक्की का यह पुरस्कार स्वीकार किया है। इस उपलब्धि पर विश्व विद्यालय के कुलगुरू डा. प्रशांत बोकारे ने सभी का स्वागत किया।


Created On :   19 Oct 2024 11:40 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story