Gadchiroli News: गडचिरोली जिले में सिंचाई के अभाव में कुम्हलाने लगी फसल

  • करोड़ों रुपए खर्च कर बनाया
  • चिचडोह बैरेज साबित हो रहा सफेद हाथी

Gadchiroli News जैसे-जैसे पारा बढ़ने लगा है, वैसे-वैसे नदियां खुद ही प्यासी होने लगी है। आलम यह है कि नदी तट पर बसे गांवों के लोगों को भी अब पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में रबी मौसम में धान उत्पादक किसानों के समक्ष सिंचाई की बड़ी समस्या निर्माण हो गयी है। चामोर्शी क्षेत्र के किसानों के लिए करोड़ों रुपयों की लागत से निर्माण किया गया चिचडोह बैरेज भी इन दिनों सफेद हाथी बना हुआ है। सिंचाई विभाग द्वारा बैरेज के सारे गेट शुरू किये जाने से किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। जिससे खेतों में दरारें पड़ने लगी हंै और फसल पूरी तरह सूखने लगी है।

ऐसी स्थिति में अपनी फसलों को संजीवनी प्रदान करने के लिए किसानों ने अब चिचडोह बैरेज के सारे गेट एक बार फिर बंद करने की मांग की है। बता दें कि चामोर्शी तहसील पूरी तरह धान उत्पादक के रूप में परिचित है। तहसील के तलोधी से लेकर नवेगांव तक के सभी गांवों के किसान खरीफ की तरह रबी मौसम में भी अपने खेतों में विभिन्न प्रकार की फसलें उगाते हैं। इन्हीं किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ जलापूर्ति योजना में पानी उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने वैनगंगा नदी में चिचडोह बैरेज का निर्माण किया है। इस बैरेज के निर्माण के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपयों की निधि खर्च की गयी।

शुरुआती दौर में इसी बैरेज की मदद से किसानों द्वारा दोनों मौसम में फसलें उगाई जाती थीं। लेकिन इस वर्ष किसानों को सिंचाई सुविधा के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। वर्तमान में फरवरी माह शुरू होकर किसानों ने रबी मौसम में धान की रोपाई पूर्ण कर ली है। ऐसी स्थिति में फसलों को सिंचाई की काफी आवश्यकता है। लेकिन ऐन समय में ही सिंचाई विभाग ने चिचडोह बैरेज के सारे गेट शुरू कर दिए है। जिसके कारण वैनगंगा नदी पूरी तरह सूखने लगी है।

नदी में पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान अपने कृषि पंप की मदद से फसलों को सिंचित नहीं कर पा रहे हैं। जिससे इस वर्ष भी किसानों को नुकसान का मंजर देखना पड़ रहा है। लगातार हो रहे नुकसान को देखते हुए बैरेज के सारे गेट तत्काल बंद करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है।

Created On :   7 Feb 2025 3:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story