निगहबानी: अवैध निर्माण पर ड्रोन से नजर रखेगी मनपा, नियमों का उल्लंघन करने वालों की खैर नहीं

अवैध निर्माण पर ड्रोन से नजर रखेगी मनपा, नियमों का उल्लंघन करने वालों की खैर नहीं
  • मालिक, ठेकेदार और कामगारों पर होगा अपराध दर्ज
  • आरक्षित व बाढ़ क्षेत्र में निर्माण कार्य किया तो तत्काल हटाया जाएगा
  • मनपा ने विशेष निगरानी दल तैयार किया

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। चंद्रपुर मनपा प्रशासन आरक्षित व बाढ़ क्षेत्र में होनेवाले निर्माण को हटाने की कार्रवाई कर रहा हैै। आगे भी परिसर में कोई निर्माणकार्य करते पाया गया तो संबंधितों पर अपराध दर्ज करने की चेतावनी मनपा प्रशासन ने दी है। दरम्यान मनपा ने विशेष निगरानी दल तैयार किया है। इसके माध्यम से रोज परिसर का जायजा लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ड्रोन का उपयोग भी किया जाएगा।

आरक्षित तथा बाढ़ क्षेत्र (ब्लू लाइन) में कोई भी स्वरूप की खरीदी-बिक्री नहीं कर सकते। साथ ही किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं कर सकते। बाढ़ का संभावित खतरा टालने के लिए बाढ़ क्षेत्र में कोई भी निर्माणकार्य नहीं होना चाहिए। नदी किनारे निर्माणकार्य, अतिक्रमण, नदी क्षेत्र में कांक्रीटकरण के कारण बाढ़ का स्तर बढ़ता है, ऐसा निरीक्षण में पाया गया है। उच्च न्यायालय में दायर याचिका में यह बात बताई गई है। आरक्षण क्र.70 व आरक्षण क्र. 71 महाकाली यात्रा मैदान यह भूखंड आरक्षित है। इस भूखंड पर भी अतिक्रमण कर निर्माणकार्य करते दिखाई दिए। यह निर्माणकार्य धराशायी करने की कार्रवाई मनपा ने इसके पहले की है।

आगे भी आरक्षित व ब्लू लाइन परिसर में संभावित बाढ़ के खतरे की परवाह किए बगैर किसी भी प्रकार का निर्माणकार्य अथवा निर्माणकार्य की तैयारी, जिसमें गिट्टी, ईंटें जैसी निर्माण सामग्री, मजदूर पाए जाते हैं तो निर्माणकार्य सामग्री जब्त की जाएगी और निर्माणकार्य भी गिराया जाएगा। निर्माणकार्य में शामिल जगह मालिक, ठेकेदार, मजदूर व निर्माणकार्य में मदद करनेवाले सभी पर अपराध दर्ज किया जाएगा, ऐसा भी मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है।

Created On :   5 Sept 2024 8:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story