- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- महाशिवरात्रि पर 7 लोग नदी में डूबे,...
Chandrapur/Gadchiroli News: महाशिवरात्रि पर 7 लोग नदी में डूबे, इलाके में पसरा मातम

- स्नान करने के दौरान 7 लोग नदियों में डूब गए
- 5 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं
Chandrapur/Gadchiroli News. चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले में बुधवार को महाशिवरात्रि के पर्व पर स्नान करने के दौरान 7 लोग नदियों में डूब गए। इनमें से 5 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार चंद्रपुर के बाबूपेठ निवासी मंडल परिवार बुधवार को गड़चिरोली स्थित मार्कंडा देवस्थान जा रहा था। इस दौरान चंद्रपुर की सावली तहसील के व्याहाड़ बुज स्थित वैनगंगा नदी में नहाने के लिए परिवार रुका। छह लोग नदी में स्नान करने लगे। इस बीच छोटी बहन लिपिका को डूबता देख प्रतिमा और कविता ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तीनों बहनें पानी में डूब गईं।
प्रतिमा और कविता का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि लिपिका की तलाश जारी है। वहीं राजुरा के पास स्थित चुनाला गांव के कुछ नागरिक महाशिवरात्रि पर वर्धा नदी में स्नान करने गए थे। इस दौरान चुनाला निवासी तुषार आत्राम, मंगेश चनकापुरे और अनिकेत कोडापे भी स्नान करने के लिए नदी में उतरे। गहरे पानी में जाने से तीनों युवक डूब गए। मंगेश और अनिकेत का शव बरामद कर लिया गया है। तुषार की तलाश जारी है।
उधर, गड़चिरोली की चामोर्शी तहसील के मार्कंडा देवस्थान में उत्तर वाहिनी वैनगंगा नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मृत्यु हो गई। मृतक का नाम अभिषेक संतोष मेश्राम है।
Created On :   27 Feb 2025 6:11 PM IST