यात्रियों को सुविधा: 12 से चंद्रपुर जिले की सड़कों पर दौड़ेंगी रापनि की इलेक्ट्रिक बसें

12 से चंद्रपुर जिले की सड़कों पर दौड़ेंगी रापनि की इलेक्ट्रिक बसें
  • चंद्रपुर विभाग में 10 बसें प्राप्त हुई
  • इलेक्ट्रिक बस में आरामदायक 35 सीटें है
  • वरिष्ठ नागरिक, महिला और दिव्यांगों को छूट

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर । लंबी प्रतीक्षा के बाद राज्य परिवहन निगम की इलेक्ट्रिक बसों की चंद्रपुर जिला मुख्यालय से शुरुआत होने जा रही है। गुरुवार 12 सितंबर से जिले की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने वाली है। कई दिनों से बसों की कमी के कारण बेहद असुविधाओं का सामना कर रहे यात्रियों को इससे राहत मिलेगी। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल के 76 वर्ष के इतिहास में यात्रियों की सुविधा के अनुरूप बसों को शुरू किया गया है। पहले बसों का एक ही रंग लाल होने से इसे आम बोली भाषा में लालपरी कहा जाता था। अब बसों के कई नाम और रंग बदल चुके है। साधारण, सुपर फास्ट, हिरकणी, विठाई, शिवशाही, शिवशाही शयनयान, अश्वमेघ आदि प्रकार की बसेस यात्रियों में सेवा में है। अब एसटी महामंडल ने पर्यावरणपूरक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की है।

चंद्रपुर विभाग में 10 बसें प्राप्त हुई है। प्रायोगिक तौर पर इन बसों को 12 सितंबर को चंद्रपुर, घुग्घुस, वणी और चंद्रपुर, मुल, गड़चिरोली मार्ग पर चलाया जाएगा। इलेक्ट्रिक बस में आरामदायक 35 सीटें है जो पूर्णत. वातानुकूलित है। उक्त बस में वरिष्ठ नागरिक, महिला और दिव्यांग व्यक्ति को नियम अनुसार टिकट दर से छूट रहेगी। कुल संख्या के एक चौथाई यात्री खड़े भी यात्रा कर पायेंगे। यह बस चंद्रपुर से गड़चिरोली के लिए सुबह 7 बजे से शुरू होगी। हर एक घंटे में यह बस रवाना होगी। शाम 5.15 बजे आखिर बस होगी। चंद्रपुर से वणी के लिए सुबह 7 बजे से लेकर शाम के 7 बजे तक हर घंटे में बस होगी।

15 से चंद्रपुर-बल्लारशाह होकर दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन , चंद्रपुर, बल्लारशाह में होगा स्टॉप : बल्लारपुर(चंद्रपुर) नागपुर सिकंदराबाद वंदे भारत ट्रेन शीघ्र ही शुरू होगी। इसका संभावित टाइम टेबल भी नागपुर के रेल अधिकारियों को आ गया है। उल्लेखनीय है कि पालकमंत्री मुनगंटीवार ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख कर अनुरोध किया था। उनके लगातार पत्राचार से अब वंदे भारत ट्रेन पूर्व विदर्भ के रेल यात्रियों के लिए 15 सितंबर से उपलब्ध होने वाली है। इस ट्रेन के शुरू होने से चंद्रपुर-बल्लारशाह के व्यापारियों को सिकंदराबाद आवाजाही के लिए सुविधा होगी।

वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से चंद्रपुर, बल्लारशाह के व्यापारियों को अधिक सुविधा होगी। क्योंकि चंद्रपुर, बल्लारशाह से बाई रोड सिंकदराबाद जाना असुविधाजनक और अधिक खर्चीला पड़ता है किंतु इस ट्रेन के शुरू होने से उन्हें आरामदायक सीट के साथ अधिक सुविधा मिलेगी। इसका नागपुर के बाद सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्लारशाह, रामागुंडम, काजीपेट, सिकंदराबाद स्टेशनों पर ठहराव होगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से 16 डिब्बों की यह ट्रेन 7.20 मिनट में 80 किमी की औसत स्पीड से 578 कि.मी. दूरी तय करेगी,वैसे इस ट्रेन की अधिकतम गति 130 किमी प्रति घंटा है। इस ट्रेन के शुरू होने से पर्यटक, मरीज, विद्यार्थी,व्यापारी,उद्योजक वर्ग को लाभ होगा।

Created On :   11 Sept 2024 9:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story