रोड़ा: पुलिस भर्ती के दौरान बारिश, एसआरपीएफ के मैदान पर फिसलने से युवक जख्मी

पुलिस भर्ती के दौरान बारिश, एसआरपीएफ के मैदान पर फिसलने से युवक जख्मी
  • ग्रामीण में 1200 उम्मीदवारों की अब 16 जुलाई को होगी शारीरिक जांच
  • दूर-दूर से आए परीक्षार्थियों को उठानी पड़ी परेशानी
  • कीचड़ के कारण नहीं हो सकी प्रक्रिया पूरी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। बारिश के मुहाने पर अमरावती समेत राज्य में पुलिस भर्ती प्रक्रिया बुधवार से शुरू हुई। शुरुआती दो दिन में प्रक्रिया सुचारू रूप से चली, किंतु गुरुवार को दोपहर और रात को शहर में हुई बारिश ने पुलिस भर्ती की प्रक्रिया में रोड़ा डाला। बारिश के चलते अमरावती जिला ग्रामीण पुलिस को 1200 उम्मीदवारों की शारीरिक जांच स्थगित कर अब 16 जुलाई की तिथि निश्चित की। वहीं अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय की भर्ती प्रक्रिया भी मैदान गीला हो जाने से डेढ़ घंटा देरी से शुरू हुई। वहीं एसआरपीएफ के मैदान पर पुलिस भर्ती प्रक्रिया में दौड़ लगाते समय कीचड़ होने से वाशिम जिले के मंगरुल पीर निवासी ऋषिकेश डहाके नामक युवक फिसलने से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय व ग्रामीण पुलिस की भर्ती प्रक्रिया बुधवार को तडके 5 बजे से इस प्रक्रिया के लिए जिले के साथ ही राज्य के विभिन्न इलाकों से युवक सहभागी हुए है। राज्य सरकार की ओर से बारिश के मुहाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले ही परीक्षा में बाधाएं आने की संभावनाएं जताई जा रही थीं। जानकारी के अनुसार ग्रामीण पुलिस ने शुक्रवार 21 जून को मैदानी टेस्ट के लिए 1200 उम्मीदवारों को बुलाया था। िकंतु गुरुवार को रात के समय हुई बारिश के चलते मैदान पूरी तरह से गीला हो चुका था। जिसके चलते उम्मीदवारों की मैदानी टेस्ट नहीं हो पाई। इन 1200 उम्मीदवारों की शारीरिक जांच अब 16 जुलाई को होगी। वहीं ग्रामीण की भर्ती प्रक्रिया शनिवार 22 जून से नियमित रूप से शुरू रहेगी। इस तरह की जानकारी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने दी है।

बारिश से सिटी पुलिस की भर्ती प्रक्रिया में देरी : अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय के भर्ती प्रक्रिया बारिश के चलते शुक्रवार को सुबह 7.30 बजे शुरू हुई। शुक्रवार को फिजिकल टेस्ट के लिए 800 उम्मीदवारों को बुलाया गया था। जिसमें 534 लड़के-लड़कियां उपस्थित हुईं। 493 के फिजिकल टेस्ट हुई। जिसमें 273 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए। इस तरह की जानकारी पुलिस उपायुक्त कल्पना बारवकर ने दी। उन्होंने कहा कि बारिश के दिन रहने से शहर पुलिस आयुक्तालय की ओर से मैदान पर उस तरह की व्यवस्था की गई थी। बावजूद इसके कल रात हुई बारिश के कारण भर्ती प्रक्रिया नियमित समय से लगभग डेढ़ घंटा देरी से यानी सुबह 7.30 बजे शुरू हुई।


Created On :   22 Jun 2024 1:15 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story