लूटपाट: सराफा व्यापारी की नाक पर पिस्तौल मारकर 25 किलो चांदी लूटकर भागे

  • दिन दहाड़े डकैती से थर्रा उठा जवाहर नगर
  • एक दोपहिया और चार लुटेरे चार पहिया से आए थे
  • पड़ोस के घर में डेढ़ किलो सोने की बैग फेंककर बचा ली

डिजिटल डेस्क, अमरावती। गणेशोत्सव के मुहाने पर शहर में दिन दहाड़े सशस्त्र डकैती ने पुलिस प्रशासन में जबरदस्त हड़कंप मचा दिया। घात लगाकर बैठे लुटेरों ने एक सराफा व्यापारी की नाक पर पिस्तौल के पिछले हिस्से से वार कर घायल कर दिया। जिसके बाद उनके हाथ से 25 किलो चांदी से भरी थैली छीनकर फरार हो गए। जवाहर नगर में सुबह 11.30 बजे यह दुस्साहसी डकैती के बाद घटना स्थल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। व्यापारी के पिता ने भी लुटेरों का मुकाबला करने का प्रयास किया, लेकिन लुटेरों ने पिस्तौल दिखाकर धमकाया। घायल हुए सराफा व्यापारी अरविंद उत्तमराव जावरे (48, जवाहर नगर) ने पुलिस को बताया कि उनके दूसरे हाथ में डेढ़ किलो सोने से भरी बैग था। लुटेरों के इरादे भांपते ही उन्होंने पास वाले बाहेकर के मकान में यह थैली फेंकी दी। इसी कारण लुटेरों ने उन पर हमला किया। तत्कालीन नगरसेविका स्वाति जावरे के देवर व ससुर के साथ हुई इस लोमहर्षक घटना से लोगों का उनके घर तांता लग गया।

ऐसा है पूरा घटनाक्रम : उत्तमराव व अरविंद जावरे की नवसारी में जावरे नाम से सराफा दुकान है। रोजाना की तरह वे सुबह 11.30 बजे एक्टिवा पर सवार होकर जवाहर नगर स्थित मकान से एक्टिवा पर पिता उत्तमराव के साथ सराफा दुकान में जाने के लिए रवाना हुए। मकान से सिर्फ 200 मीटर अंतर पर ही लुटेरों ने बीच रास्ते एक्टिवा के सामने फोर व्हीलर खड़ी कर जबरन रोका। कुछ समझ पाते उसके पहले ही पीछे से दो लुटेरे टू व्हीलर पर धमक पड़े। अरविंद जावरे ने तुरंत डेढ़ किलो सोने से भरी बैग पास वाले मकान में फेंक दी। दूसरी थैली फेंकने से पहले ही फोर व्हीलर से उतरे दो लुटेरों ने उनके पर मुंह पर पिस्तौल के पिछले हिस्से से वार कर दिया। जिसके कारण उनकी नाक फूंट गई और खून बहने लगा। जिससे पिता उत्तमराव (75 वर्ष) ने विरोध किया, लेकिन लुटेरों ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर धमकाया। एक लुटेरा फोर व्हीलर में ड्राइविंग सीट पर ही बैठा रहा। यह पूरा घटनाक्रम सिर्फ 5 से 10 मिनट में अंजाम देकर लुटेरे भाग निकले। फरियादी अरविंद जावरे के अनुसार सभी 6 आरोपियों के पास देशी कट्‌टे जैसी पिस्तौल थी। छत्तीसगढ़ी भाषा में एक-दूसरे से बात कर रहे थे। संदेह है कि आरोपियों ने रेकी करने के बाद यह डकैती अंजाम दी।

चोरी की निकली बोलेरो : लुटेरों ने डकैती में इस्तेमाल की फोर व्हीलर बोलेरो का पुलिस ने पता लगा लिया है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से शहर पुलिस ने यह सुराग लगाया। मध्य प्रदेश के भैंसदेही थाने में यह बोलेरो चोरी हो जाने की रिपोर्ट दो दिन पहले दर्ज मिली है। लुटेरों की टू-व्हीलर का भी पता लगाया जा रहा है।

वीडियो बनाने वाली महिला को धमकाया : इसी बीच, सशस्त्र डकैती की यह वारदात अपने मोबाइल में कैद करने वीडियो बनाने प्रयास कर रही एक राहगीर महिला को भी लुटेरों ने पिस्तौल िदखाकर धमकाया। जिससे यह महिला वहां से निकल गई। घटना को अंजाम देने वाले छत्तीसगढ़ी भाषा का प्रयोग करते देखे गए। टू व्हीलर और फोर व्हीलर वलगांव की दिशा में भाग निकले। पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्‌डी, डीसीपी सागर पाटील, एसीपी कैलाश पुंडकर, सीआईयू पथक, अपराध शाखा समेत सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। देर शाम तक लुटेरों को कोई सुराग नहीं लग पाया। गाडगे नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें लुटेरों का सुराग लगाने जुटे हैं।


Created On :   5 Sept 2024 5:55 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story