- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- प्रेम विवाह कर खेत में करते थे...
मर्डर: प्रेम विवाह कर खेत में करते थे चौकीदारी, पत्नी की हत्या कर लाश कुएं में फेंकी

- छह वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह
- बच्चियों को भी जान से मारने की धमकियां देता था
- मायके वालों से बात करने के लिए करता था मना
डिजिटल डेस्क, अमरावती। जिले के शिरजगांव कसबा थाना क्षेत्र के तहत आने वाले ग्राम खरपी स्थित नरेंद्र कोठारी के खेत में 14 मई को मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने मृत महिला के पति विनोद सम्मु युवने (33, सालेपुर पांढरी) के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मृत महिला का नाम शारदा श्रीराम सलाटे (32) बताया गया है।
जानकारी के अनुसार विनोद युवने व शारदा सलाटे के बीच प्रेम संबंध थे। जिसके चलते शारदा और विनोद छह साल पहले घर से भाग गए थे। शारदा की मां विजया श्रीराम सलाटे अमरावती की निवासी है। उसने थाने में दर्ज शिकायत में कहा कि शारदा और विनोद ने घर से भाग जाने के बाद विनोद ने खरपी खेत शिवार में नरेंद्र कोठारी के खेत मेंं चौकीदारी शुरू की थी। दोनों इसी खेत में बनाई गई झोपड़ी में रहते थे। लेकिन शादी के बाद विनोद शारदा को मायकेवालों से संबंध नहीं रखने देता था।
दो-तीन माह बाद कभी समय मिलने पर शारदा उसकी मां विजया को फोन कर उसके साथ बात करती थी। तब शारदा ने कई बार अपनी मां को बताया था कि मामूली बात पर विनोद उससे मारपीट करता है। उसे और अपनी बच्चियों को भी जान से मारने की धमकियां देता है। इस बीच विजया सलाटे अपनी बेटी से मिलने के लिए रिश्तेदारों के साथ सालेपुर पांढरी गांव गई थी। किंतु उसकी शारदा से मुलाकात नहीं हो पाई। इसी बीच 15 मई को सुबह 4 बजे विजया का भाई दीपक मरसकोल्हे को फोन पर पता चला कि विजया की बेटी शारदा की लाश अचलपुर उपजिला अस्पताल के शव घर में रखी हुई है। जिससे 15 मई को सुबह 11 बजे विजया अचलपुर पहुंची। देखा तो उसकी बेटी के शरीर पर काफी जख्म थे। घटना के एक दिन पहले शारदा को उसके पति विनोद युवने ने बुरी तरह पीटा, जिसमें उसकी मौत हो गई और बाद में उसका शव वहीं के कुएं में फेंक दिया। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश करने पर आरोपी को 18 मई तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए है।
Created On :   18 May 2024 3:56 PM IST