राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी चेन्निथला ने कहा शिंदे सरकार में बड़ा भ्रष्टाचार, मेरे पास सबूत

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी चेन्निथला ने कहा शिंदे सरकार में बड़ा भ्रष्टाचार, मेरे पास सबूत
  • पटोले ने कहा, शिंदे-फडणवीस-पवार सरकार चुनाव से क्यों डर रही है?
  • पिछले ढाई वर्षों से महागर पालिका के चुनाव नहीं कराए
  • जनता सब देख रही, जरूर सबक सिखाएगी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव समय पर ही कराने होंगे। निर्वाचन आयोग को समय के मुताबिक ही चुनाव कराना बंधनकारक है। कांग्रेस की समीक्षा बैठक के लिए शहर दौरे पर पहुंचे नाना पटोले ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि शिंदे-फडणवीस-पवार सरकार चुनाव से क्यों डर रही है? यह सभी जानते हैं। इसी कारण पिछले ढाई वर्षों से महागर पालिका के चुनाव नहीं कराए। अब विधान सभा चुनाव पर गिद्ध नजरें डाल रहे हैं। जनता यह सब कुछ देख रही है। सरकार को चुनाव में सबक सिखाएगी। वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला बुधवार को अमरावती दौरे पर शिंदे-फडणवीस व अजित सरकार पर जबरदस्त हमलावर हो उठे। उन्होंने आरोप लगाया कि शिंदे सरकार ने भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं लांघ दी हैं। मंत्रालय स्तर पर बड़ा भ्रष्टाचार शुरू है। इसके उनके पास सबूत हैं। कुर्ला में बेशकीमती 25 एकड़ जमीन रेडिरेकनर के भाव से सरकार उद्योगपति अदाणी को दे रही है। कांग्रेस इसका कड़ा विरोध कर रही है।

कृषि मंत्री के बीड में सर्वाधिक किसान आत्महत्याएं: पत्रकार परिषद में चेन्निथला ने कहा कि पार्टी मुंबई मुख्यालय में बैठकर विधानसभा चुनाव की टिकट का वितरण नहीं करेगी। जमीनी हकीकत जानने के साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं की रायशुमारी पर उम्मीदवार तय करेंगी। इसी उद्देश्य से पार्टी के सभी बड़े नेताओं के साथ लगातार जिला वार दौरा किया जा रहा है। विदर्भ व महाराष्ट्र में किसान आत्महत्याएं बढ़ी हैं। राज्य के कृषि मंत्री के बीड़ में अब तक 884 किसानों ने आत्महत्या की है। बेरोजगारी की समस्या विकराल हो गई है।

दो विभागों में डेढ़ लाख करोड़ का भ्रष्टाचार: वडेट्‌टीवार- विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता विजय वडेट्‌टीवार ने कहा कि दो विभागों में डेढ़ लाख करोड़ का भ्रष्टाचार किया गया है। जिससे अब तीन दलों में हिस्सेदारी को लेकर लड़ाई चल रही है। सरकार को ढाई वर्ष तक लाडली बहना दिखी नहीं।

निराधार योजना के पैसे तीन माह से सरकार ने दिए नहीं। आज राज्य में हर घंटे में महिला पर अत्याचार हो रहा है। समृद्धि महामार्ग के बहाने 15 प्रतिशत वसूली की गई। महाराष्ट्र पर आज 8 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज हो गया है। जिससे राज्य के हर नागरिक पर कर्ज चढ़ गया है। महाराष्ट्र 11वें स्थान पर लुढ़क गया है।

धनशक्ति व सत्ता का गैर इस्तेमाल में महायुति तरबेज, सतर्क रहें : बुधवार को दोपहर में प्रदेश प्रभारी की प्रमुख उपस्थिति में अमरावती व यवतमाल जिला की समीक्षा बैठक में चेन्निथला ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव देश के लिए महत्वपूर्ण है। राज्य में सत्ता बदलने का झटका केंद्र को लगेगा और मोदी सरकार के पतन की शुरू महाराष्ट्र से होगी।धनशक्ति व सत्ता का गैर इस्तेमाल करने में महायुति कुप्रसिद्ध है। इसलिए सतर्क रहें। पटोले ने कहा कि भाजपा महायुति सरकार विकास के नाम पर राज्य को लूट रही है। मुकुल वासनिक ने कहा कि लोकसभा में बहुमत नहीं होने से संविधान बदलना फिलहाल टल गया है, लेकिन धोखा अभी भी कायम है। यूपी प्रभारी अविनाश पांडे, वडेट्‌टीवार, संतेज पाटील, माणिकराव ठाकरे, यशोमति ठाकुर, डॉ. सुनील देशमुख, शिवाजीराव मोघे, नाना गावंडे, संध्या सव्वालाखे, बबलू देशमुख, बबलू शेखावत, प्रा. वीरेंद्र जगताप, अनीस अहमद, वजाहत मिर्जा, वसंत पुरके समेत अन्य नेता उपस्थित थे।


Created On :   16 Aug 2024 8:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story