Amravati News: हर घर नल के लिए 188 करोड़ खर्च, फिर भी 707 गांवों में जल किल्लत बरकरार!

हर घर नल के लिए 188 करोड़ खर्च, फिर भी 707 गांवों में जल किल्लत बरकरार!
  • धारणी व चिखलदरा में जल जीवन मिशन में सर्वाधिक 226 योजनाएं
  • योजनाएं पूर्ण होने के बाद भी 178 गांवों में किल्लत बनी हुई है

Amrawati News जल जीवन मिशन का शुभारंभ 15 अगस्त 2019 को किया गया था। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वकांक्षी योजना का लक्ष्य वर्ष 2024 तक प्रत्येक ग्रामीण घर में नल से जल की उपलब्धता निश्चित करना था, लेकिन क्या अमरावती जिले में यह लक्ष्य हासिल कर लिया गया है? यह एक यक्ष प्रश्न बना है। क्योंकि केंद्र के जल जीवन मिशन अंतर्गत वर्ष 2019 से 2024 तक प्रस्तावित कुल 666 योजनाओं में से 467 के काम निपटे। जिस पर कुल 188 करोड़ रुपए का खर्च हुए। फिर भी हर घर नल का सपना साकार नहीं हो पाया है।

बल्कि अभी भी 707 गांवों में जल किल्लत से निपटने 17.37 करोड़ की विभिन्न उपाय योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। इसमें आदिवासी बहुल मेलघाट के धारणी व चिखलदरा में जल जीवन मिशन में सर्वाधिक 226 योजनाएं निपटने के बाद भी 178 गांवों में जल किल्लत बरकरार है। इस चिंताजनक तथ्य की सुध लेकर केंद्र व राज्य सरकार को प्रत्यक्ष समीक्षा (ऑडिट) की नितांत आवश्यकता है।

17.37 करोड़ का प्रारूप, 29 टैंकरों का प्रबंध : ग्रीष्म ऋतु में जल संकट का सामना करने वाले 707 गांवों में उपाय योजना के लिए 1737.99 लाख (17 करोड़ 37 लाख 99 हजार) रुपए का प्रारूप जिला परिषद सीईओ संजीता मोहपात्रा के मार्गदर्शन में जलापूर्ति विभाग ने तैयार किया है। अक्टूबर 2024 से जून 2025 तक प्रस्तावित इस प्रारूप में 29 टैंकरों से जलापूर्ति का प्रबंध किया जा रहा है। इसमें चिखलदरा तहसील में सर्वाधिक 24 टैंकर से जलापूर्ति की व्यवस्था होगी। अमरावती तहसील में 4 और चांदूर रेलवे तहसील में 1 टैंकर का इंतजाम किया जा रहा है। 696 नल योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। जिला परिषद के जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता सुनील जाधव के नेतृत्व में उप कार्यकारी अभियंता स्नेहा धवड़े, उप विभागीय अभियंता संजय घाणेकर, रघुनाथ कांबले, दीपक खडसे, श्रीपाद अंबाडकर, प्रतीक मावले व सोनाली शेंडे इस प्रारूप को मंजूरी के बाद अमल में लाने जुटेंगे।

Created On :   5 Feb 2025 11:27 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story