Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 19 April 2025 1:00 PM IST
मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे तेजस्वी अब महागठबंधन में क्लर्क का काम करेंगे दिलीप जायसवाल
बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विपक्षी महागठबंधन की पहली बैठक गुरुवार को पटना में आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस, राजद, सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई माले और वीआईपी पार्टी के नेताओं ने हिस्सा लिया। इस बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने महागठबंधन और विशेष रूप से तेजस्वी यादव निशाना साधते हुए कहा कि जिस नेता का मुख्यमंत्री बनने का सपना था, उसे अब कोऑर्डिनेशन कमेटी में क्लर्क जैसी भूमिका दी गई है।
- 19 April 2025 12:50 PM IST
अमेरिका भारतीय छात्रा को कार ने रौंदा, इलाज के लिए क्राउड फंडिंग से जुटाए गए पैसे, नहीं बच सकी जान
भारतीय छात्रा वांगवोलु दीप्ति की टेक्सास के डेंटन शहर में एक हिट-एंड-रन घटना में मौत हो गई। दीप्ति की मास्टर डिग्री कुछ ही हफ्तों में पूरी होने वाली थी। 23 वर्षीय दीप्ति आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले की रहने वाली थी। वह 2023 में गुंटूर के नरसारावपेट इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद अमेरिका के नॉर्थ टेक्सास विश्वविद्यालय में कंप्यूटर और सूचना विज्ञान में एमएस की पढ़ाई कर रही थी।
- 19 April 2025 12:46 PM IST
संजय बांगर ने घरेलू मैदान पर आरसीबी की तीसरी हार पर दी प्रतिक्रिया, कहा- पिच को लेकर चिंतित होगी टीम
पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच संजय बांगर का मानना है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच को लेकर चिंता करनी चाहिए, जो उन्हें खेलने के लिए मिल रही है। संजय बांगर ने यह भी कहा कि आरसीबी को अपने घरेलू मैचों में बल्लेबाजी की रणनीति बदलनी होगी। अपने घरेलू मैदान पर आईपीएल 2025 में आरसीबी को लगातार तीसरी हार मिली है।
- 19 April 2025 12:40 PM IST
ब्राह्मणों के खिलाफ 'अपमानजनक' टिप्पणी करने पर अनुराग कश्यप के खिलाफ शिकायत दर्ज
मशहूर फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ ब्राह्मण समुदाय को लेकर "आपत्तिजनक और अपमानजनक" टिप्पणी करने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह मामला दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में उज्ज्वल गौड़ नामक व्यक्ति ने दर्ज कराया है। गौड़ ने अपनी शिकायत में कहा कि अनुराग कश्यप की टिप्पणी न केवल घिनौनी और अशोभनीय है, बल्कि समाज में नफरत फैलाने, सार्वजनिक शांति भंग करने और सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा देने वाली है।
- 19 April 2025 12:31 PM IST
सोलापुर के प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. शिरीष वलसांगकर ने की खुदकुशी
महाराष्ट्र के सोलापुर शहर से एक दुखद खबर सामने आई है। शहर के प्रख्यात न्यूरोसर्जन डॉ. शिरीष वलसांगकर ने शुक्रवार रात खुद को गोली मार ली। वलसांगकर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
- 19 April 2025 12:20 PM IST
भाषा के प्रति नफरत अनुचित, गुड गवर्नेंस वही जो संविधान के अनुसार चले मायावती
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आजकल चल रहे भाषा विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाषा के प्रति नफरत अनुचित है। बसपा मुखिया मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि पश्चिम के महाराष्ट्र, गुजरात तथा दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु व केरल में बीएसपी संगठन के गठन की तैयारी व मजबूती एवं पार्टी के जनाधार को बढ़ाने आदि पर दिल्ली में हुई बैठक में गहन समीक्षा और आगे पूरे तन, मन, धन से पार्टी के कार्यों को दिशा-निर्देशानुसार बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
- 19 April 2025 12:10 PM IST
भारत से निर्यात बढ़ाने पर विचार कर रहा 'नथिंग' कार्ल पेई
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ और वैश्विक व्यापार को लेकर अनिश्चितता के बीच कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी नथिंग भारत से अपने निर्यात को बढ़ाने की योजना बना रही है। इसकी जानकारी खुद सीईओ कार्ल पेई ने एक लाइव सेशन में दी।
- 19 April 2025 12:00 PM IST
अवंतीपोरा में मिनी बस की हुई दुर्घटना, चार घायल के साथ एक की हालत गंभीर
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को अवंतीपोरा के गौरीपोरा पदगामपोरा इलाके के पास एक मिनी बस दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। महिला की हालत गंभीर है और बेहतर इलाज के लिए उसे श्रीनगर के एक अस्पताल रेफर किया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अवंतीपोरा बाईपास पर हुआ, जब मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर कर दिया गया।
- 19 April 2025 11:42 AM IST
भारत माता और देश के हित में कांग्रेस के संघर्ष को लेकर प्रमोद तिवारी का बयान आया सामने
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रमोद तिवारी ने नेशनल हेराल्ड केस, दिल्ली के सीलमपुर से हिंदुओं के पलायन और भाजपा नेताओं के बयानों पर बेबाक टिप्पणी की। नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद कांग्रेस की ओर से बनाई जा रही रणनीति को लेकर भाजपा का आरोप है कि वह ईडी और अदालत पर दबाव डालना चाहती है। इस पर प्रमोद तिवारी ने कहा कि देश और देशहित कांग्रेस के लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि हम देशभक्त हैं, राष्ट्रभक्त हैं। हम अंग्रेज भक्त नहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी अंग्रेज भक्त है। जब देश आज़ादी की लड़ाई लड़ रहा था, तब इनका मातृ संगठन अंग्रेजों की फौज में भर्ती होने के लिए पत्र लिखता था। वह उस समय भी अंग्रेजों की चापलूसी कर रहे थे और अब आजादी के लिए आवाज उठाने वाले नेशनल हेराल्ड और उसके सहयोगियों से बदला ले रहे हैं।
- 19 April 2025 11:26 AM IST
मुस्तफाबाद में इमारत ढहने से चार की मौत, मोहन बिष्ट ने अवैध निर्माण पर उठाए सवाल
दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में शनिवार तड़के एक इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मुस्तफाबाद विधायक और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की बात करते हुए कहा कि अवैध इमारतों का मुद्दा मैंने कई बार उठाया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन से मैंने चुनाव जीता, मेरा एकमात्र मुद्दा अवैध इमारतों पर कार्रवाई करना रहा है। मान लीजिए, 25 या 50 गज की इमारत में सैकड़ों लोग रह रहे हैं, तो हादसा तो होना ही है। मैंने दिल्ली के उपराज्यपाल, आयुक्त और पुलिस आयुक्त से इस बारे में बात की है। मैंने विधानसभा में भी बार-बार इस मुद्दे को उठाया है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Created On :   19 April 2025 8:00 AM IST