एमएस धोनी से आगे निकल सकते हैं रोहित शर्मा, बतौर कप्तान ऐसा करने वाले देश के पहले प्लेयर बन जाएंगे

- एमएस धोनी ने 2008 के एशिया कप में पांच पारियों में 327 रन बनाए थे
डिजिटल डेस्क, मुंबई। एशिया कप शुरु होने में अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। 27 अगस्त से शुरु हो रहे इस मेगाइवेंट के लिए भारतीय टीम का चयन हो चुका है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम इस खिताब पर लगातार तीसरी बार कब्जा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम का पहला मुकाबला अपने चिरप्रतिद्वंदी पाकिस्तान से है। भारत इस मैच को जीतकर प्रतियोगिता का शानदार आगाज करना चाहेगी। इसके अलावा कैप्टन रोहित शर्मा के पास भी बतौर कप्तान एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा।
पूर्व कप्तान एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं रोहित
दरअसल, बतौर कप्तान एशिया कप के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान महेंन्द्र सिंह धोनी के नाम दर्ज है। बता दें कि एमएस धोनी ने 2008 के एशिया कप में पांच पारियों में 327 रन बनाए थे। वहीं बात करें रोहित की तो उन्होंने बतौर कप्तान 2018 में आयोजित हुए एशिया कप में पांच पारियों में 317 रन बनाए थे। तब रोहित मात्र 11 रनों से धोनी का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए थे। इस बार रोहित के पास मौका है कि वो एशिया कप में 327 से ज्यादा रन बनाकर धोनी से आगे निकलें।
सबसे ज्यादा रन बनाने की सूची में धोनी और रोहित के बाद श्रीलंका के विश्वकपविजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा हैं। उन्होंने 1997 के एशिया कप में चार पारियों में 272 रन बनाए थे। रणतुंगा के बाद इस सूची में पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी और भारत के सौरव गांगुली का नाम है। अफरीदी ने जहां 2010 के एशिया कप में तीन पारियां खेलकर 265 रन बनाए थे वहीं गांगुली ने 2004 में आयोजित हुए एशिया के इस सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में 6 पारियां खेलकर कुल 244 रन बनाए थे।
Created On :   14 Aug 2022 10:39 PM IST