IPL 2025: सीजन के बीच में CSK को लगा करारा झटका, चोट की वजह से कप्तान ऋतुराज हुए बाहर, अब ये दिग्गज करेगा टीम की अगुवाई

- सीजन के बीच में CSK को लगा करारा झटका
- चोट की वजह से कप्तान ऋतुराज हुए बाहर
- कोहनी में हुआ हेयरलाइन फ्रैक्चर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की हालत बेहद ही खराब दिखाई दे रही है। टीम ने अब तक कुल 5 मैच खेले हैं जिनमें उन्हें केवल 1 ही जीत हासिल हुई है। लेकिन इस बीच सीएसके की टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। चेन्नई सुपर किंग्स को काफी बड़ा झटका लगा है। दरअसल, टीम के मौजूदा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं। जिसकी वजह से उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह अब टीम की कमान पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में सौंपी गई है।
इस बात की जानकारी चेन्नई सुपर किंग्स की फ्रैंचाइजी ने अपने आधिकारीक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए साझा की। पोस्ट में उन्होंने बताया कि गायकवाड़ के कोहनी में हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया है। कप्तान ऋतुराज की चोट इतनी गंभीर है कि वह पूरे सीजन में अब एक भी मैच नहीं खेल सकेंगे। फ्रैंचाइजी ने आगे बताया कि अब टीम की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी करने वाले हैं। बता दें, मौजूदा सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ ने अब तक कुल 5 मैच खेले हैं। जिनमें उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले हैं।
बताते चलें, पूर्व भारतीय कप्तान और महानतम विकेटकीपरों में से एक महेंद्र सिंह धोनी पहले भी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। टीम ने उन्हीं की कप्तानी में पांच बार टूर्नामेंट का टाइटल अपने नाम किया है। बता दें, सीएसके ने साल 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल की ट्रॉफी जीती है। हालांकि, साल 2022 में माही ने कप्तानी छोड़ दी थी जिसके बाद दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को कप्तान नियुक्त किया गया था। लेकिन बीच सीजन में उन्होंने टीम की कप्तानी छोड़ दी थी जिसके बाद साल एक बार फिर थाला ने टीम की अगुवाई की।
Created On :   10 April 2025 7:35 PM IST