IPL 2025: 300 के स्ट्राइक रेट से सूर्या ने अपने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड, RO-KO के खास फेहरिस्त में हुए शामिल

- केकेआर के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
- बन गए टी-20 फॉर्मेट में 8000 रन बनाने वाले 5वें भारतीय
- मुंबई इंडियंस ने 8 विकेटों से हासिल की सीजन की पहली जीत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2025 के 12वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 8 विकेटों से शानदार जीत हासिल की। मुकाबले में इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस की टीम ने टूर्नामेंट में अपना खाता खो दिया है। लेकिन इस वक्त एमआई के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी ये है कि उनके धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की फॉर्म में वापसी हो गई है। केकेआर के खिलाफ इस मैच में सूर्या ने एक अच्छे फिनिशर का रोल निभाया।
मुकाबले में सूर्या ने 9 गेंदों 300 के स्ट्राइक रेट से 27 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने छक्के के साथ टीम की झोली में जीत डाल दी थी। अपनी इस तूफानी पारी के बदौलत सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल, भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सूर्या ओवरऑल टी-20 फॉर्मेट में 8000 रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
बता दें, सूर्या से पहले इस खास फेहरिस्त के टॉप पर विराट कोहली का नाम है। उन्होंने अपने ओवरऑल टी-20 करियर में कुल 12976 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा हैं। उन्होंने अपने ओवरऑल टी-20 करियर में 11851 रन बनाए हैं। वहीं, 9797 रनों के साथ गब्बर के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन हैं। जबकि फेहरिस्त के चौथे नंबर पर 8654 रनों के साथ सुरेश रैना काबिज हैं।
ओवरऑल टी-20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
12976 - विराट कोहली (384 पारी)
11851 - रोहित शर्मा (438 पारी)
9797 - शिखर धवन (331 पारी)
8654 - सुरेश रैना (319 पारी)
8007 - सूर्यकुमार यादव (288 पारी)
मुकाबले में क्या हुआ?
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को मात देकर एमआई ने सीजन में अपनी पहली जीत हासिल की है। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों के आगे केवल 116 रनों पर ढ़ेर हो गई थी। इसके बाद जब मुंबई इंडियंस ने टारगेट का पीछा करते हुए 43 गेंद शेष रहते ही 2 विकेटों के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। मैच में टीम की इस शानदार जीत में डेब्यूटेंट गेंदबाज अश्वनी कुमार और सलामी बल्लेबाज रायन रिकेल्टन की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।
Created On :   31 March 2025 11:56 PM IST