दिल्ली सियासत: सीएम पद संभालते ही रेखा गुप्ता पर आतिशी ने साधा निशाना, याद दिलाया बीजेपी का घोषणा पत्र, कहा- महिलाओं को कब मिलेंगे 2500 रुपये

- आतिशी की रेखा गुप्ता से मांग
- 2500 वाली स्कीम करें पास- आतिशी
- आज शाम 7 बजे कैबिनेट की बैठक
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली को नई मुख्यमंत्री के तौर पर रेखा गुप्ता मिल गई हैं। उन्होंने आज अपनी कैबिनेट के साथ रामलीला मैदान में शपथ ली। कार्यक्रम के बाद दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कालकाजी से आम आदमी पार्टी विधायक आतिशी ने रेखा गुप्ता को उनकी पार्टी द्वारा किया हुआ वादा याद दिलाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाए हर महीने 2500 रुपये मिलने का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज शाम 7 बजे होने वाली कैबिनेट की मीटिंग में यह स्कीम पास होनी चाहिए।
कैबिनेट बैठक में पास हो स्कीम- आतिशी
कालकाजी से AAP विधायक आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत भाजपा के सभी नेताओं ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि दिल्ली की प्रत्येक महिला को 2500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। आज शाम 7 बजे दिल्ली सरकार की कैबिनेट की पहली बैठक है। आज दिल्ली की सभी महिलाओं की ओर से मेरी रेखा गुप्ता से यह मांग है कि वे महिलाओं को दी जाने वाली 2500 रुपए प्रतिमाह की स्कीम पास करें। आज दिल्ली की सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं।
बीजेपी की योजना
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को रिझाने के लिए योजना का एलान किया था। इसके तहत पार्टी ने दिल्ली की हर महिला को हर महीने 2500 रुपये देने का दावा किया था।
सीएम का शपथग्रहण
रेखा गुप्ता ने आज रामलीला मैदान में शपथ ली। इसी के साथ 6 नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। शपथग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित एनडीए के कई दिग्गज नेता शामिल रहे। उनके साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और रविंद्र इंद्राज सिंह ने मंत्री पद के लिए शपथ ली।
Created On :   20 Feb 2025 8:28 PM IST