बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'नीतीश कुमार को सभी वर्गों का समर्थन, NDA को मिलेंगे 60 फीसदी वोट..', JDU नेता का बड़ा दावा

- बिहार चुनाव को लेकर गरमाई सियासत
- जेडीयू नेता का परिणाम को लेकर बड़ा दावा
- एनडीए की सरकार बनने और 60 फीसदी वोट पाने की कही बात
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी दलों ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। इसी के साथ सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच बयानबाजी भी शुरु हो गई है। इसी क्रम में जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त है और इस बार बिहार चुनाव में गठबंधन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 60 प्रतिशत वोट प्राप्त होंगे।
नीतीश कुमार करिश्माई सीएम
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने नीतीश कुमार को "करिश्माई मुख्यमंत्री" बताते हुए मीडिया से कहा, "बिहार में एनडीए और करिश्माई मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सभी वर्गों का समर्थन मिलता रहा है। शायद यह बड़ी वजह है कि पिछले 20 साल में नीतीश कुमार जिस चुनाव में जिस गठबंधन का चेहरा बने, बिहार की जनता ने उसे आंख मूंदकर अपना आशीर्वाद दिया है।"
बिहार चुनाव के लिए तय लक्ष्य के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "निस्संदेह इस चुनाव में 225 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया है। इन 225 सीटों के साथ नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। इसे संभव बनाने के लिए मतदान केंद्रों पर 60 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।"
बूथ स्तर पर मजबूती से काम कर रहा NDA
बूथ स्तर पर किए जा रहे कार्यों के बारे में उन्होंने कहा, "बिहार चुनाव जीतने की दिशा में न केवल जदयू, बल्कि भाजपा समेत अन्य तीनों दल भी मिलकर बूथ समितियों पर काम कर रहे हैं। सभी का साथ हमें हमेशा मिलता रहा है, ऐसे में हम इस लक्ष्य को भी अवश्य हासिल करेंगे।"
बता दें कि बिहार में चुनाव साल होने के चलते पक्ष और विपक्ष के सभी दल एक्टिव हो गए हैं। प्रदेश में फिलहाल नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार सत्ता में है। गठबंधन का सबसे बड़ा घटक दल भाजपा है। एनडीए में भाजपा, जदयू के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) महत्वपूर्ण दल हैं। वहीं, विपक्षी महागठबंधन में आरजेडी और कांग्रेस महत्वपूर्ण दल हैं। इनके अलावा प्रशांत किशोर की जनसुराज ने बिहार चुनाव को त्रिकोणीय रूप दे दिया है।
Created On :   19 April 2025 1:07 AM IST