बिहार दौरे पर पीएम: PM मोदी ने भागलपुर में रैली को किया संबोधित, किसानों से लेकर पुल तक के मुद्दे पर की चर्चा

- पीएम मोदी पहुंचे बिहार
- 'पीएम किसान योजना' की 19वीं किस्त जारी
- बिहार के पुल को लेकर की चर्चा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार (24 फरवरी) को बिहार के दौरे के लिए पहुंचे हैं। पीएम मोदी भागलपुर में रैली को संबोधित कर रहे हैं। उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद हैं। पीएम ने 'पीएम किसान योजना' की 19वीं किस्त जारी कर दी है। रैली के दौरान उन्होंने किसानों और पुल को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को आधुनिक किस्म के बीज दिए हैं। हमने कोरोना के वक्त किसानों को खाद की भी कमी नहीं होने दी। इसके अलावा पीएम ने कहा कि बिहार में पुल की कमी है।
'हमने किसानों को दिए बीज'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले किसान संकट से घिरा रहता था। जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं वो इन स्थितियों को कभी नहीं बदल सकते। NDA सरकार ने इस स्थिति को बदला है। बीते सालों में हमने सैकड़ों आधुनिक किस्म के बीज किसानों को दिए हैं। पहले यूरिया के लिए किसान लाठी खाता था और यूरिया की कालाबाजारी होती थी। आज किसानों को पर्याप्त खाद मिलती है। हमने कोरोना के महासंकट में भी किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी। अगर NDA सरकार ना होती तो क्या होता? अगर NDA सरकार ना होती तो आज भी किसानों को खाद के लिए लाठियां खानी पड़ती। NDA सरकार ना होती आज किसानों को यूरिया की एक बोरी 3 हजार की मिल रही होती।
बिहार में पुल की कमी
पीएम ने कहा कि बिहार की एक और बड़ी समस्या का समाधान NDA सरकार कर रही है। नदियों पर पर्याप्त पुल ना होने के कारण बिहार को अनेक समस्याएं होती हैं। आपको आने जाने में दिक्कत ना हो इसके लिए हम तेजी से काम कर रहे हैं। अनेक पुल बनवा रहे है। यहां गंगाजी पर 4 लेन के पुल के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इस पर 1100 करोड़ से ज्यादा खर्च किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी का निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि पहले जब बाढ़ आती थी, सूखा पड़ता था, ओले पड़ते थे। तब ये लोग (पहले की सरकारें) किसानों को उनकी हाल पर छोड़ देते थे। 2014 में जब आपने NDA को आशीर्वाद दिया तो मैंने कहा, ऐसा नहीं चलेगा। NDA सरकार ने 'पीएम फसल बीमा योजना' बनाई, इस योजना के तहत पौने दो लाख करोड़ रुपये का क्लेम किसानों को आपदा के समय मिल चुका है।
पहले कोई शाम के बाद नहीं निकलता था- बिहार सीएम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम 24 नवंबर 2005 में पहली बार यहां सरकार में आए थे। उस समय शाम के बाद कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। बुरा हाल था। समाज में बहुत विवाद था। पढ़ाई और इलाज का हाल खराब था। पटना में राजधानी थी फिर भी वहां केवल 8 घंटे बिजली होती थी। उसके बाद हमने कितना काम किया। अब किसी प्रकार का डर नहीं है। राज्य में प्रेम भाईचारा शांति का माहौल है। सभी क्षेत्रों में काम हो रहा है।
Created On :   24 Feb 2025 5:23 PM IST